मतदाता जागरूकता को लेकर जिले में बनी मानव श्रृंखला; मतदाताओं को दिलाई गई मतदाता शपथ
भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 में अधिकाधिक मतदान सुनिश्चित करने एवं मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जिला निर्वाचन अधिकारी कमर चौधरी के निर्देशानुसार स्वीप कार्यक्रम के तहत गुरुवार को मानव श्रृंखला एवं मतदाता शपथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। स्वीप कार्यक्रम का आयोजन नगर निगम सचिव विजय प्रताप सिंह के निर्देशन में किया गया।
सहायक राज्य संगठन आयुक्त स्काउट गिरिराज प्रसाद गर्ग ने उपस्थित प्रतिभागियों एवं मतदाताओं को मतदाता शपथ दिलाते हुए लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए अपने मताधिकार का जिम्मेदारीपूर्वक प्रयोग करने का संकल्प दिलाया।
उपनिदेशक आईसीडीएस सिकारामाराम चोयल ने बताया कि मानव श्रृंखला के दौरान प्रतिभागियों ने आकर्षक नारों के माध्यम से मतदान का संदेश दिया। हर वार्ड की यही पुकार, मतदान करें हर परिवार, 18 वर्ष की उम्र है आई, मतदान की जिम्मेदारी भी आई तथा घर-घर जाएंगे, मतदान कराएंगे जैसे नारों से क्षेत्र में मतदाता जागरूकता का संदेश गूंजा।
कार्यक्रम में नेहरू पार्क किला, भरतपुर से श्री बांके बिहारी जी मंदिर म्यूजियम तक भारत स्काउट गाइड के सदस्य, एमएसजे कॉलेज रोवर, लोहागढ़ ओपन क्रू रोवर, महिला एवं बाल विकास विभाग की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व सहायिकाएं, विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं तथा स्वयं सहायता समूहों के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक मानव श्रृंखला बनाकर आमजन को 9 सितंबर को मतदान केंद्रों पर पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के माध्यम से आमजन को संदेश दिया गया कि मतदान केवल अधिकार ही नहीं, बल्कि लोकतंत्र के प्रति प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी है। इस दौरान कार्यक्रम में यतेंद्र शर्मा, एनयूएलएम नगर निगम, सोनू, पूनम, रोवर प्रमोद कुमार, राहुल सिंह, पवन कुमार, विनीत कुमार, विवेक शर्मा सहित बड़ी संख्या में नागरिक एवं प्रतिभागी उपस्थित रहे।

