निकाय चुनाव में 'एक अनार, सौ बीमार': एक वार्ड में 10-10 दावेदार, निर्दलीयों की फौज ने बढ़ाई भाजपा-कांग्रेस की धड़कनें
महुवा | पत्रकार अवधेश अवस्थी
महुवा नगर पालिका आम चुनाव-2026 की बिसात बिछ चुकी है और इसके साथ ही शहर का सियासी पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया है। गली-मोहल्ले, चाय की थड़ियों और चौराहों पर दिन से लेकर देर रात तक सिर्फ एक ही चर्चा है— 'इस बार पार्षद कौन?' गुरुवार, 27 अगस्त से नामांकन का दौर शुरू हो रहा है, लेकिन उससे पहले ही टिकट के दावेदारों की फौज ने राजनीतिक दलों की नींद उड़ा दी है।
भाजपा-कांग्रेस की किलेबंदी, निर्दलीयों ने ठोकी ताल
भाजपा और कांग्रेस के दिग्गज नेता जहां बंद कमरों में टिकट बंटवारे की गोटियां सेट कर रहे हैं, वहीं निर्दलीय खेमे ने भी अपनी ताकत दिखानी शुरू कर दी है। चेयरमेन के दावेदार महुवा के सभी 35 वार्डों में घूम-घूम कर 'जिताऊ चेहरों' की तलाश कर रहे हैं। जानकारों की मानें तो पिछले चुनाव में एक दर्जन से ज्यादा निर्दलीयों ने जीत का परचम लहराया था, इसलिए इस बार भी 'निर्दलीय फैक्टर' बड़ी पार्टियों का गणित बिगाड़ सकता है।
35 वार्ड, 280 दावेदार और व्हाट्सएप पर छिड़ा 'वर्चुअल युद्ध'
महुवा में चुनावी रोमांच का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि एक-एक वार्ड से 5 से लेकर 10 उम्मीदवार चुनावी मैदान में कूदने को बेताब हैं। चुनाव लड़ने के लिए अब तक लगभग 280 लोगों ने नगर पालिका से एनओसी (NOC) लेने के लिए आवेदन कर दिया है। उम्मीदवारों ने बिना किसी आधिकारिक घोषणा के ही व्हाट्सएप ग्रुपों और सोशल मीडिया के जरिए अपना हाईटेक प्रचार अभियान भी शुरू कर दिया है।
चुनावी घमासान का पूरा कैलेंडर
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर डॉ. सौम्या झा ने बताया कि गुरुवार को लोक सूचना जारी होने के साथ ही नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। चुनाव का पूरा कार्यक्रम इस प्रकार रहेगा:
-
नामांकन शुरू: 27 अगस्त (गुरुवार)
-
नामांकन की अंतिम तिथि: 31 अगस्त (सोमवार)
-
नामांकन पत्रों की जांच (संवीक्षा): 1 सितंबर (मंगलवार)
-
नाम वापसी: 3 सितंबर (गुरुवार, दोपहर 3 बजे तक)
-
चुनाव चिह्न आवंटन: 4 सितंबर
-
मतदान की तारीखें: 9 सितंबर और 11 सितंबर (दो चरणों में)
-
वोटिंग का समय: सुबह 7:00 बजे से शाम 6:00 बजे तक
-
मतगणना (रिजल्ट): 14 सितंबर (सोमवार)
जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी संभावित प्रत्याशियों से चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों और आदर्श आचार संहिता की सख्ती से पालना करने की अपील की है। अब देखना यह है कि महुवा की जनता इस बार किसे सिर-आंखों पर बिठाती है!

