मादक पदार्थ तस्करों पर भोपालगढ़ पुलिस का शिकंजा: 1.383 किलो अफीम के दूध के साथ आरोपी गिरफ्तार, बाइक जब्त
एसपी पंकज यादव के निर्देशन में नाकाबंदी के दौरान बड़ी कार्रवाई; एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर सप्लाई नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस
भोपालगढ़ / बावड़ी (जोधपुर) मिश्रीलाल लखारा। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ जोधपुर ग्रामीण पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जिला पुलिस अधीक्षक पंकज यादव के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत भोपालगढ़ थाना पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक बाइक सवार को 1.383 किलोग्राम अवैध अफीम के दूध के साथ धर दबोचा।
नाकाबंदी में धरा गया आरोपी
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, क्षेत्र में गश्त व नाकाबंदी के दौरान एक संदिग्ध मोटरसाइकिल को रुकवाकर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान बाइक सवार दिनेश पुत्र भीखाराम विश्नोई (निवासी बिराणी, थाना भोपालगढ़) के कब्जे से 1.383 किलो अवैध अफीम का दूध बरामद हुआ। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया।
सप्लाई नेटवर्क की गहन जांच
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपी से अवैध मादक पदार्थ की खरीद-फरोख्त, इसके मुख्य स्रोत (Source) और किसे सप्लाई किया जाना था, इस पूरे नेटवर्क के संबंध में कड़ाई से पूछताछ की जा रही है।
कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम
इस सफल कार्रवाई में भोपालगढ़ थानाधिकारी राजूराम बामनिया और सहायक उप-निरीक्षक (ASI) जस्साराम के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल/कॉन्स्टेबल प्रकाश गोस्वामी, रामकिशोर, राकेश कुमार, पूजा बैरवा, बुद्धिप्रकाश एवं प्रकाश विश्नोई की विशेष और सराहनीय भूमिका रही।

