नगर निकाय चुनाव 2026: राजगढ़ में नामांकन के पहले दिन 22 प्रत्याशियों ने दाखिल किए 24 पर्चे
राजगढ़ (अलवर/ अनिल गुप्ता) नगर निकाय चुनाव-2026 के तहत राजगढ़ नगरपालिका पार्षद पद के लिए नामांकन प्रक्रिया के पहले दिन ही चुनावी सरगर्मियां तेज हो गईं। प्रक्रिया के प्रथम दिन कुल 18 वार्डों से 22 उम्मीदवारों ने 24 नामांकन पत्र दाखिल किए। सभी प्रत्याशियों ने रिटर्निंग अधिकारी सीमा मीना के समक्ष अपने पर्चे प्रस्तुत किए। इस दौरान तहसीलदार रतनलाल बंशीवाल भी मौजूद रहे।
नामांकन पत्रों के विवरण के अनुसार, वार्ड नंबर 4 से एक प्रत्याशी ने कांग्रेस व निर्दलीय दोनों रूपों में नामांकन किया, वहीं वार्ड नंबर 8 से एक उम्मीदवार ने भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) व निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर अपने पर्चे भरे।
नामांकन स्थल पर शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। डीएसपी देशराज कुलदीप, थानाधिकारी नेकीराम तथा एसआई दौलत सिंह भारी पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर मुस्तैद रहे, जिससे पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।

