हजारों श्रद्धालुओं की आस्था से गूंजा टुडियाना, श्री देवनारायण कथा का भव्य समापन, भक्तों ने ग्रहण की भोजन प्रसादी
महुवा (अवधेश अवस्थी) महुवा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम टुडियाना स्थित श्री देवनारायण भैरू बाबा मंदिर परिसर में 19 अगस्त से चल रही भगवान श्री देवनारायण कथा का बुधवार को भव्य एवं श्रद्धापूर्ण वातावरण में समापन हुआ। समापन अवसर पर हजारों श्रद्धालुओं ने पंगत में बैठकर भोजन प्रसादी ग्रहण की।
कथा प्रवक्ता हरिराम गुर्जर (अलावड़ा वाले) ने कथा के माध्यम से भगवान श्री देवनारायण की महिमा एवं उनके आदर्शों का वर्णन किया। कथा के समापन पर मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
समापन समारोह में महुवा विधायक राजेंद्र मीणा भी पहुंचे और श्रद्धालुओं एवं आयोजकों से मुलाकात कर कार्यक्रम में सहभागिता की। इस दौरान विधायक राजेंद्र मीणा ने कहा कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजनों से भाईचारा बढ़ता है। साथ ही हमारी धार्मिक संस्कृति और परंपराओं से आने वाली पीढ़ी में जागृति पैदा होती है तथा धार्मिक आस्था मजबूत होती है।
इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष धारा सिंह पीपलखेड़ा, सरपंच घनश्याम गुर्जर सहित विश्व हिंदू परिषद के खेम सिंह गुर्जर, एडवोकेट भगवत सिंह सिराधना, गुर्जर समाज के विभिन्न गांवों के पटेल एवं पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता तथा क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे।
आयोजकों ने बताया कि भगवान श्री देवनारायण कथा का आयोजन आम बस्ती ग्राम टुडियाना की ओर से किया गया था। कथा के दौरान प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु कथा श्रवण के लिए पहुंचे। समापन अवसर पर श्रद्धालुओं के लिए सामूहिक भोजन प्रसादी की व्यवस्था की गई, जिसमें हजारों लोगों ने पंगत में बैठकर प्रसादी ग्रहण की।
कार्यक्रम के सफल आयोजन को लेकर ग्रामीणों और आयोजकों में खासा उत्साह देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने भगवान श्री देवनारायण से क्षेत्र में सुख-शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।

