जेन जी प्रोटेस्ट का असर: 21 वर्षीय सानिया ने ठोकी चुनावी ताल, दादा ने भी दाखिल किया निर्दलीय नामांकन
जहाजपुर (मोहम्मद आज़ाद नेब) नगर पालिका चुनाव को लेकर नामांकन के दौर में जहाजपुर में एक दिलचस्प राजनीतिक तस्वीर सामने आई है। दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए जेन जी (Gen Z) प्रोटेस्ट से प्रभावित होकर 21 वर्षीय सानिया ख़ानम ने चुनावी मैदान में उतरने का फैसला किया है। सानिया ने पालिका क्षेत्र के वार्ड नंबर 6 से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में अपना नामांकन दाखिल किया।
खास बात यह रही कि सानिया के दादा एवं जहाजपुर पालिका में कांग्रेस के वरिष्ठ रहे पार्षद नजीर मोहम्मद ने भी वार्ड नंबर 16 से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल किया। वहीं उनकी बुआ ने भी नामांकन दाखिल किया, जिससे एक ही परिवार के अलग-अलग सदस्यों के चुनाव मैदान में उतरने की चर्चा रही।
मीडिया से रूबरू हुई सानिया ख़ानम ने कहा कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए जेन जी प्रोटेस्ट से वह प्रभावित हुई हैं। चुनाव लड़ने का फैसला उनका खुद का है, जबकि उनके दादा चुनाव लड़ने के लिए उन्हें पूरा समर्थन दे रहे हैं। सानिया ने कहा कि युवा भी राजनीति और जनप्रतिनिधित्व में अपनी भूमिका निभा सकते हैं।
नामांकन के दौरान भाजपा की ओर से राधेश्याम बारेठ ने वार्ड नंबर 18, निर्दलीय के रूप में अरविंद भुवालिया ने वार्ड नंबर 7, गीता ने वार्ड नंबर 13 और भंवर बंडेला ने वार्ड नंबर 14 से नामांकन दाखिल किया।
आज कुल सात उम्मीदवारों ने आठ नामांकन पत्र दाखिल किए। इनमें सबसे कम उम्र की उम्मीदवार 21 वर्षीय सानिया ख़ानम रहीं।
- कांग्रेस से आज नहीं आया कोई नामांकन
नामांकन के इस दौर में कांग्रेस पार्टी की ओर से आज एक भी नामांकन पत्र दाखिल नहीं किया गया। इससे पालिका चुनाव को लेकर कांग्रेस की तैयारियों पर भी सवाल उठ रहे हैं। सानिया के निर्दलीय चुनाव मैदान में उतरने और उनके दादा नजीर मोहम्मद द्वारा भी निर्दलीय नामांकन दाखिल किए जाने से वार्ड नंबर 6 और 16 के चुनावी समीकरणों को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं।

