कोहरे का कोहराम दो वाहनों की भिड़ंत में ट्रक चालक की मौत दो घायल
राजगढ़ (अलवर/ अनिल गुप्ता) रैणी थाना क्षेत्र में दिल्ली–मुम्बई एक्सप्रेस-वे पर अल सुबह केन्ट्रा और बस की भिड़ंत हो गई। यह हादसा एक्सप्रेस-वे के चैनेज नंबर 147.7 पर हुआ, जिसमें केन्ट्रा चालक आसिफ (निवासी अमरोहा, उत्तर प्रदेश) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सलमान और बिलाल घायल हो गए।
सूचना मिलने पर रैणी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक चालक आसिफ के शव को रैणी अस्पताल के चीरघर में रखवाया।
वहीं घायल सलमान और बिलाल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तीनों ही अमरोहा (उत्तर प्रदेश) के निवासी बताए जा रहे हैं।
प्रारंभिक जांच में घना कोहरा हादसे का प्रमुख कारण माना जा रहा है। हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक अलवर भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारू कराया ।


