भरतपुर: मौत बनकर आसमान से गिरे 11 KV के तार; मची चीख-पुकार, 10 झुलसे ,2 महिलाओं की हालत गंभीर, ट्रांसफार्मर में ब्लास्ट के बाद लगी बिजली के तारों में आग

Jan 14, 2026 - 08:50
 0
भरतपुर: मौत बनकर आसमान से गिरे 11 KV के तार; मची चीख-पुकार, 10 झुलसे ,2 महिलाओं की हालत गंभीर, ट्रांसफार्मर में ब्लास्ट के बाद लगी बिजली के तारों में आग
  • रुदावल के जौतरौली गांव में बड़ा हादसा: ट्रांसफार्मर में धमाके के बाद घरों पर गिरे हाई वोल्टेज तार, 7 अस्पताल में भर्ती

रुदावल (भरतपुर) कोश्लेन्द्र दत्तात्रेय । रुदावल थाना क्षेत्र के जौतरौली गांव में बुधवार रात उस वक्त कोहराम मच गया, जब 11 हजार केवी की हाईटेंशन लाइन टूटकर रिहायशी बस्ती पर गिर गई। इस रोंगटे खड़े कर देने वाले हादसे में करीब 10 लोग करंट की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गए। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। आनन-फानन में घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जिनमें से दो महिलाओं की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला आरबीएम अस्पताल रेफर किया गया है।

धमाके के साथ लगी आग, फिर बरसने लगा करंट
पूर्व सरपंच श्याम सिंह के अनुसार, हादसा रात करीब 8 बजे जाटव मोहल्ले में हुआ। सबसे पहले बस्ती के पास स्थित ट्रांसफार्मर में भीषण धमाका हुआ और आग लग गई। देखते ही देखते आग ने बिजली के तारों को अपनी चपेट में ले लिया। प्रत्यक्षदर्शी कप्तान सिंह ने बताया कि उस समय अधिकांश ग्रामीण घरों में खाना खा रहे थे। अचानक 11 हजार केवी की लाइन टूटकर मकानों पर जा गिरी। तार गिरते ही घरों में शॉर्ट सर्किट होने लगे और धमाके हुए। जान बचाने के लिए लोग जैसे ही घरों से बाहर भागे, वे जमीन पर फैले करंट की चपेट में आ गए।

घायलों की सूची और उपचार
हादसे में घायल ओमवती, शारदा, लक्खी, जतिन, अंकिता, नीतू और मेघांश को तुरंत अस्पताल ले जाया गया। रुदावल अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद ओमवती और शारदा की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें भरतपुर के आरबीएम अस्पताल भेजा गया है। आरबीएम अस्पताल के पीएमओ डॉ. नागेंद्र सिंह भदौरिया ने खुद मौके पर पहुंचकर घायलों का हाल जाना और बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बिजली विभाग पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और बिजली विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। ग्रामीणों ने विद्युत विभाग के खिलाफ भारी रोष प्रकट किया है। आरोप है कि विभाग की लापरवाही और जर्जर तारों की समय पर मरम्मत न होने के कारण यह हादसा हुआ। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार शिकायत के बावजूद जर्जर लाइनों को नहीं बदला गया, जिसका खामियाजा आज मासूम ग्रामीणों को भुगतना पड़ा।

"प्रशासन मामले की जांच कर रहा है। फिलहाल गांव की बिजली आपूर्ति काट दी गई है और स्थिति नियंत्रण में है।" — पुलिस प्रशासन

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी GEXPRESSNEWS54@GMAIL.COM या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................