भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की पहल पर आरबीएम चिकित्सालय में उपचार के लिए आने वाले मरीजों एवं उनके परिजनों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सेवादान आरोग्य फाउंडेशन द्वारा आधुनिक, सुव्यवस्थित एवं अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित एक विशाल विश्राम गृह का निर्माण किया जा रहा है।
आरबीएम अधीक्षक डॉ. नगेन्द्र भदौरिया एवं सेवादान आरोग्य फाउंडेशन के प्रतिनिधि विवेक शर्मा के मध्य इस संबंध में शुक्रवार को एमओयू सम्पन्न हुआ। एमओयू सम्पन्न होने के बाद जिला कलक्टर कमर चौधरी की उपस्थित में अस्पताल प्रशासन एवं सेवादान आरोग्य फाउंडेशन के पदाधिकारियों की बैठक सम्पन्न हुई जिसमें बहुमंजिला विश्रामगृह निर्माण के संबंध में चर्चा हुई। विश्रामगृह की डिजाईन एवं सुविधाओं के बारें में फाउंडेशन के पदाधिकारियों ने विस्तार से बताया।
यह परियोजना स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में एक दूरदर्शी, संवेदनशील एवं अत्यंत प्रशंसनीय पहल है। इसका उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों को सुरक्षित, स्वच्छ, सुलभ एवं गरिमापूर्ण आवास तथा पौष्टिक भोजन की सुविधा उपलब्ध कराना है। यह आस-पास के ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले मरीजों और परिजनों के लिए वरदान साबित होगा।
परियोजना की प्रमुख विशेषताएँ -
विश्रामगृह निर्माण लागत लगभग 35 करोड़ होगी जो लगभग 55,000 वर्ग फुट क्षेत्रफल में विकसित होगा। भवन संरचना जी$3 मंजिल होगी जिसमें भविष्य में एक अतिरिक्त मंजिल (जी$3$1) के विस्तार की संभावना रहेगी। डाइनिंग हॉल में एक साथ 230 व्यक्तियों के भोजन की व्यवस्था हो सकेंगी। विश्रामगृह की क्षमता 550 बेड, तथा भविष्य में 140 अतिरिक्त बेड की सुविधा बढाई जा सकेगी। फैमिली रूम में 6 कमरे होगें साथ ही भविष्य में 6 अतिरिक्त कमरों का प्रावधान रखा गया है।
तिमारदार व रोगियों को मिलेगी सुविधा-
यह परियोजना आरबीएम अस्पताल, विश्राम गृह में उपचार हेतु आने वाले मरीजों एवं उनके परिजनों को किफायती, सुविधाजनक और सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण एवं दूरगामी कदम है। साथ ही, यह सेवादान आरोग्य फाउंडेशन की सामाजिक उत्तरदायित्व, जनकल्याण और मानव सेवा के प्रति अटूट प्रतिबद्धता को भी प्रभावशाली रूप से रेखांकित करती है। इस अवसर पर डॉ. प्रणव, डॉ. अशोक एवं डॉ. राजेश एवं मनुराज उपस्थित रहे।