लखनऊ: निर्माणाधीन न्यू ताज होटल में भीषण आग, 300 मजदूरों की बची जान
लखनऊ। (शशि जायसवाल) राजधानी लखनऊ में शुक्रवार उस वक्त हड़कंप मच गया जब गोमती नगर के विभूति खंड में एक निर्माणाधीन न्यू ताज होटल की बिल्डिंग में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरा बेसमेंट धुएं और लपटों के घेरे में आ गया। गनीमत रही कि समय रहते बिल्डिंग में काम कर रहे सैकड़ों मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
शॉर्ट सर्किट बना हादसे की वजह
शुरुआती जानकारी के अनुसार, आग लगने का मुख्य कारण बेसमेंट में रखी सीएनसी (CNC) मशीन में हुआ शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। चिंगारी उठते ही आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और चंद सेकंड के भीतर ही पूरे बेसमेंट को अपनी चपेट में ले लिया।
300 मजदूरों का सफल रेस्क्यू
जिस वक्त यह हादसा हुआ, बिल्डिंग के भीतर लगभग 300 मजदूर काम कर रहे थे। आग की लपटें और काला धुआं उठता देख वहां चीख-पुकार मच गई। हालांकि, आनन-फानन में राहत कार्य शुरू किया गया और सभी मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया।
दमकल की 10 गाड़ियां मौके पर
पिछले करीब साढ़े तीन घंटे से आग पर काबू पाने की जद्दोजहद जारी है। मौके पर फायर ब्रिगेड की 10 गाड़ियां तैनात हैं, जो लगातार आग बुझाने का प्रयास कर रही हैं। बेसमेंट में धुआं भरा होने के कारण दमकल कर्मियों को अंदर दाखिल होने में काफी चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है।


