अवैध गैस रिफिलिंग पर छापा, सरकारी काम में बाधा डालने वाला गिरफ्तार
मकराना (मोहम्मद शहजाद)। पुलिस अधीक्षक ऋचा तोमर (IPS) के निर्देशन में डीडवाना-कुचामन पुलिस और रसद विभाग ने संयुक्त रूप से अवैध एलपीजी गैस सिलेंडर भंडारण और कालाबाजारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है। इस दौरान पुलिस ने न केवल अवैध गतिविधियों पर लगाम कसी, बल्कि सरकारी कार्य में बाधा डालने और हंगामा करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार भी किया है। मकराना शहर के गौड़ाबास स्थित व्यापारिक प्रतिष्ठानों और होटलों पर रसद विभाग की टीम घरेलू व व्यावसायिक गैस सिलेंडरों के अवैध उपयोग और रिफिलिंग की जांच करने पहुंची थी। जांच के दौरान अख्तर अली (निवासी दिल्ली, हाल निवासी मकराना) नामक व्यक्ति ने टीम के साथ दुर्व्यवहार किया और खुद को आग लगाने की धमकी देकर न्यूसेंस पैदा किया।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान आरोपी के प्रतिरोध के कारण कुछ पुलिसकर्मियों को मामूली चोटें भी आईं। आरोपी के खिलाफ राजकार्य में बाधा डालने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। साथ ही मंगलवार कि शाम को आगामी त्योहारों को देखते हुए मकराना थाना परिसर में शांति समिति, सीएलजी सदस्यों और स्थानीय व्यापारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। जिसकी अध्यक्षता अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (परबतसर) नेमीचन्द खारिया ने की।
इस दौरान वृत्ताधिकारी विक्की नागपाल, मकराना, थानाधिकारी गरिमा चौधरी और रसद विभाग के प्रवर्तन अधिकारी दीपक कुल्हार उपस्थित रहें। बैठक में अधिकारियों ने सभी वर्गों से त्योहारों को आपसी भाईचारे और सांप्रदायिक सौहार्द के साथ मनाने की अपील की। साथ ही, असामाजिक तत्वों और अफवाह फैलाने वालों पर पैनी नजर रखने के निर्देश दिए गए। ईस दौरान अधिकारियो ने अपील की कि आमजन अवैध गैस भंडारण और कालाबाजारी की सूचना प्रशासन को दें। साथ ही, सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की भ्रामक जानकारी या अफवाह न फैलाएं। सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वालों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।