भाजपा शहर मंडल की बैठक में 'दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण वर्ग' की रूपरेखा तय, कार्यकर्ताओं को सौंपी जिम्मेदारियां
मकराना (मोहम्मद शहजाद)। भारतीय जनता पार्टी शहर मंडल मकराना की एक विशेष बैठक बुधवार को शहर मंडल कार्यालय पर आयोजित की गई। बैठक में आगामी 'दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण वर्ग' की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई और सफल आयोजन हेतु कार्यकर्ताओं के बीच कार्य विभाजन किया गया। बैठक को विधानसभा प्रभारी एवं जिला महामंत्री नवनील गौड़ ने मार्गदर्शित किया। उन्होंने प्रशिक्षण वर्ग की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए पूरी रूपरेखा रखी। गौड़ ने बताया कि प्रशिक्षण वर्ग का शुभारंभ 28 मार्च को सायं 5 बजे होगा। प्रथम दिन 'वैचारिक अधिष्ठान' और 'भाजपा का इतिहास एवं विकास' जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर दो सत्र आयोजित किए जाएंगे। इन सत्रों को जिला महामंत्री नवनील गौड़ एवं देवीलाल दादरवाल संबोधित कर कार्यकर्ताओं को पार्टी की रीति-नीति से अवगत कराएंगे। प्रशिक्षण के दूसरे दिन कुल पांच सत्रों का आयोजन होगा, जिसमें संगठन की मजबूती और आधुनिक कार्यप्रणाली पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। श्री किशन भींचर 'कार्य विस्तार की हमारी दृष्टि' और मनीष ओझा 'कार्य पद्धति' पर विचार रखेंगे। श्रीमती सुमिता भींचर केंद्र व राज्य सरकार की उपलब्धियों और उनके प्रभावी क्रियान्वयन पर प्रशिक्षण देंगी। वर्तमान समय की मांग को देखते हुए नरेंद्र जयपाल कार्यकर्ताओं को मीडिया, सोशल मीडिया एवं ए.आई. के उपयोग का प्रशिक्षण देंगे। डॉ. राजाराम प्रजापति 'बूथ प्रबंधन, मन की बात, टिफिन बैठक और बूथ स्तरीय कार्यक्रमों' के क्रियान्वयन की बारीकियां सिखाएंगे। मंडल अध्यक्ष जे.के. इंदौरा ने बताया कि इस वर्ग में मंडल कार्यकारिणी के सदस्य, विभिन्न मोर्चों व प्रकोष्ठों के पदाधिकारी, बूथ अध्यक्ष एवं शक्ति केंद्र प्रभारी प्रमुख रूप से भाग लेंगे। बैठक में सभी विभागों की कार्ययोजना तैयार कर कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं ताकि आयोजन व्यवस्थित हो सके। इस अवसर पर मंडल उपाध्यक्ष नोरतराम नायक, महामंत्री कृष्णा दाधीच, मीडिया प्रभारी देवेश स्वामी, सुरेंद्र जाखड़ सहित अन्य पदाधिकारी और सक्रिय कार्यकर्ता मौजूद रहे।