घरेलू गैस की आपूर्ति सुचारू, उपभोक्ताओं के लिए एजेंसियों पर छाया व पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित
भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय)वर्तमान में मध्यपूर्व के भू-राजनैतिक परिदृश्य के बावजूद जिले में घरेलू गैस की आपूर्ति पूरी तरह सुचारू बनी हुई है। उपभोक्ताओं को उनकी बुकिंग प्राथमिकता के आधार पर समय पर गैस सिलैण्डर उपलब्ध कराए जा रहे हैं तथा जिले में गैस सिलैण्डरों का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है।
जिला रसद अधिकारी पवन अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला प्रशासन द्वारा आपूर्ति व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जा रही है, जिससे आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने बताया कि जिला कलक्टर के निर्देशानुसार बढ़ती गर्मी को देखते हुए सभी गैस एजेंसियों पर उपभोक्ताओं के लिए छाया एवं पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इन निर्देशों की पालना में जिला रसद कार्यालय के प्रवर्तन कार्मिकों द्वारा विभिन्न गैस एजेंसियों का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करवाई गई हैं।
जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे घबराहट में अनावश्यक गैस बुकिंग न करें तथा आवश्यकता के अनुसार ही सिलैण्डर बुक कराएं, ताकि आपूर्ति व्यवस्था सुचारू बनी रहे।


