हिन्दी दिवस की पूर्व संध्या पर पुस्तक लोकार्पण एवं कवि गोष्ठी का होगा आयोजन
अलवर (कमलेश जैन) अलवर की प्रतिष्ठित साहित्यिक संस्था - सृजक की ओर से हिन्दी दिवस की पूर्व संध्या पर 13 सितंबर (रविवार) को दोपहर रेलवे स्टेशन के सामने संजय कॉलोनी स्थित एम. एन. सी. आई. कोचिंग के सभागार में तीन चरणों में होने वाले कार्यक्रम के तहत वरिष्ठ कवि डॉ देवेन्द्र शर्मा के चौथे खंड काव्य - 'अमर शहीद चन्द्रशेखर आज़ाद ' का लोकार्पण कार्यक्रम , मासिक कवि गोष्ठी एवं सितंबर माह में जन्मे साहित्यकारों का माल्यार्पण व पटका पहना कर सम्मान किया जाएगा ।
सृजक संस्थान के सचिव रामचरण 'राग'ने बताया कि कार्यक्रम की अध्यक्षता सृजक संस्थान के अध्यक्ष सरदार अमरीक सिंह 'अदब'करेंगे, मुख्य अतिथि के रूप में वरिष्ठ कवि रघुवर दयाल जैन तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में वरिष्ठ गीतकार गिरवर सिंह बाँकावत मंच पर उपस्थित रहेंगे। लोकार्पित पुस्तक पर रामचरण 'राग' एवं रेणु मिश्रा अपना समीक्षात्मक वक्तव्य देंगे, कार्यक्रम का संचालन सृजक संस्थान के उपाध्यक्ष खेमेन्द्र सिंह चन्द्रावत करेंगे। इस अवसर पर अलवर के प्रायः सभी युवा एवं वरिष्ठ कविगणों के अलावा अलवर के अनेक बुद्धिजीवी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहेंगे।

