तखतगढ़ नगर पालिका चुनाव: दोपहर 1 बजे तक 57.87% मतदान, बूथों पर उमड़ी मतदाताओं की भीड़
तखतगढ़ (बरकत खान) राजस्थान में नगर निकाय चुनावों के तहत तखतगढ़ नगर पालिका क्षेत्र में शनिवार को मतदान की प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से जारी है। सुबह से ही विभिन्न मतदान केंद्रों पर मतदाताओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है और बूथों पर लंबी कतारें लगी हुई हैं।
तखतगढ़ नगर पालिका के कुल 25 वार्डों में से वार्ड संख्या 22 में प्रत्याशी के निर्विरोध निर्वाचित हो जाने के कारण शेष 24 वार्डों में ही वोट डाले जा रहे हैं। प्रशासन और पुलिस बल द्वारा सुरक्षा और व्यवस्थाओं की कड़ी निगरानी रखी जा रही है।
समय के साथ बढ़ता गया उत्साह:-
- सुबह 10 बजे तक: कुल 14,226 मतदाताओं में से 4,561 लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जिससे मतदान का प्रतिशत 32.06% दर्ज किया गया।
- दोपहर 1 बजे तक: वोटिंग में तेजी आई और मतदान प्रतिशत बढ़कर 57.87% तक पहुँच गया। इस समय तक कुल 8232 मतदाता अपने वोट डाल चुके थे।
निवर्तमान अध्यक्ष ने भी किया मतदान:-
चुनाव के दौरान तखतगढ़ नगर पालिका के निवर्तमान अध्यक्ष ललित रांकावत ने भी अपने संबंधित बूथ पर पहुँचकर मतदान किया। मतदान केंद्रों पर बुजुर्गों, युवाओं और महिलाओं की अच्छी-खासी उपस्थिति देखी जा रही है। सभी वार्डों से शांतिपूर्ण मतदान की खबर है और कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली है।

