निर्माणाधीन पार्क का नाम 'अम्बेडकर पार्क' रखने हेतु अधिशासी अधिकारी को सौंपा ज्ञापन
लक्ष्मणगढ़ (अलवर/कमलेश जैन) कस्बे में किला रोड पर नगर पालिका द्वारा बनवाए जा रहे नए पार्क का नामकरण संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अम्बेडकर के नाम पर करने व भव्य प्रतिमा स्थापित करने की मांग को लेकर छात्र नेता विनोद जाटव के नेतृत्व में नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी जगदीश खीचड़ को एक ज्ञापन सौंपा।
विनोद जाटव ने बताया की पार्क का नाम 'अम्बेडकर पार्क' रखने और वहां बाबा साहब की भव्य प्रतिमा स्थापित करने का मांग पत्र सौंप करआग्रह किया है ।ज्ञापन सौंपने के दौरान अधिशासी अधिकारी का रुख बेहद सकारात्मक रहा। उन्होंने नागरिकों को आश्वस्त करते हुए कहा कि वे स्वयं भी इसी पक्ष में हैं और इस कार्य को प्राथमिकता से पूरा करेंगे।
अधिकारी के इस स्पष्ट आश्वासन के बाद दलित समाज और स्थानीय लोगों में खुशी की लहर है। नागरिकों का कहना है कि बाबा साहब की प्रतिमा स्थापित होने से युवा पीढ़ी को उनके संघर्षों और आदर्शों की प्रेरणा मिलेगी। इस दौरान विनोद जाटव, श्यामलाल, जगदीश, प्रदीप, नवीन, प्रेमचंद, राजेश, मोहित कुमार, दीपचंद और दलित समाज के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


