दांतिया के सरकारी स्कूल में विधिक जागरूकता शिविर हुआ आयोजित; स्कूली विद्यार्थियों को ऑनलाइन ठगी व साइबर क्राइम पर दी जानकारी
कठूमर (दिनेश लेखी) उपखंड क्षेत्र के गांव दांतिया में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अलवर के अध्यक्ष एवं जिला एवं सेशन न्यायाधीश अनंत भंडारी, प्राधिकरण के सचिव एवं अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश मोहनलाल सोनी तथा तालुका विधिक सेवा समिति कठूमर के अध्यक्ष एवं अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश उदय सिंह अलोरिया के निर्देशन में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय दांतिया में बुधवार को ऑनलाइन ठगी एवं साइबर क्राइम विषय पर विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य कमल सिंह मीना ने विद्यार्थियों एवं उपस्थित ग्रामीणों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में सतर्कता ही सबसे बड़ा बचाव है। उन्होंने बताया कि साइबर क्राइम इंटरनेट, मोबाइल अथवा कंप्यूटर के माध्यम से होने वाले अपराध हैं, जिनमें ऑनलाइन बैंकिंग धोखाधड़ी, फर्जी वेबसाइट एवं ऐप, सोशल मीडिया हैकिंग, पहचान की चोरी, साइबर बुलिंग और फिशिंग प्रमुख हैं।
तालुका विधिक सेवा समिति से पीएलवी अनुजा शर्मा एवं दीपक बालोत ने विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि साइबर अपराधों के मामलों में सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2000 एवं भारतीय दंड संहिता के तहत कठोर दंड का प्रावधान है। साथ ही उन्होंने राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नालसा द्वारा पीड़ितों को उपलब्ध कराई जाने वाली निःशुल्क कानूनी सहायता, परामर्श एवं लोक अदालत के माध्यम से समाधान की प्रक्रिया के बारे में भी अवगत कराया।
शिविर के दौरान आमजन को यह महत्वपूर्ण जानकारी दी गई कि यदि वे किसी भी प्रकार के साइबर अपराध का शिकार होते हैं तो तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें या नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराएं तथा नजदीकी पुलिस थाने में एफआईआर दर्ज करवाएं।
इसके साथ ही साइबर सुरक्षा के जरूरी उपायों जैसे ओटीपी एवं पासवर्ड किसी के साथ साझा न करना, अज्ञात लिंक पर क्लिक न करना, केवल सुरक्षित एवं विश्वसनीय वेबसाइट से लेन-देन करना तथा सोशल मीडिया की प्राइवेसी सेटिंग को मजबूत रखना—के बारे में भी विस्तार से बताया गया। शिविर में कुल 170 लाभार्थियों ने भाग लेकर साइबर सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम का समापन सफलतापूर्वक हुआ।
कार्यक्रम में विद्यालय स्टाफ बृजेन्द्र सिंह, लोकेश कुमार, देवेंद्र यादव, कविता सिंह, नेहा रजवानिया, आशीष मीना, रामरतन मीना, उमेश शर्मा, मनोज गोयल, जितेन्द्र सिंह एवं गीता शर्मा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

