अलवर में बम की धमकी से मचा हड़कंप: पासपोर्ट ऑफिस और मिनी सचिवालय को उड़ाने का आया मेल, खाली कराए गए दफ्तर
अलवर (अनिल गुप्ता) अलवर शहर में एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देते हुए अज्ञात हमलावरों ने बम ब्लास्ट की धमकी दी है। जयपुर स्थित मुख्यालय को मिले एक ईमेल में राजस्थान के कई पासपोर्ट दफ्तरों के साथ-साथ अन्य सरकारी इमारतों को भी उड़ाने की बात लिखी थी। इस मेल में साफ तौर पर चेतावनी दी गई थी कि दोपहर 12:15 बजे तक बम धमाका कर दिया जाएगा।
जैसे ही इसकी सूचना स्थानीय प्रशासन को मिली तो प्रशासन अलर्ट हो गया।और पासपोर्ट ऑफिस खाली करा दिया गया। धमकी की जानकारी मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची सभी को सुरक्षित बाहर निकाला और पूरे परिसर को सील कर दिया। करीब दो घंटे तक चले सघन सर्च ऑपरेशन और जांच-पड़ताल के बाद जब कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला, तब प्रशासन ने राहत की सांस ली।
इसके बाद पासपोर्ट कार्यालय में दोबारा कामकाज शुरू हो सका।ईमेल में केवल पासपोर्ट ऑफिस ही नहीं, बल्कि अलवर के मिनी सचिवालय को भी बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। इसके चलते कलेक्ट्रेट और अन्य सरकारी दफ्तरों वाले इस बड़े परिसर में भी सुरक्षा बढ़ा दी गई। पुलिस और प्रशासन की टीमों ने चप्पे-चप्पे की तलाशी ली। हालांकि, यहां भी कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई।
हैरानी की बात यह है कि अलवर पासपोर्ट कार्यालय को बम से उड़ाने की यह पहली धमकी नहीं है। इससे पहले इसी साल 10 मार्च और 27 मार्च को भी इसी तरह के धमकी भरे संदेश मिल चुके हैं। बार-बार मिल रही इन धमकियों ने पुलिस की कार्यप्रणाली और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं, क्योंकि अभी तक इन मामलों में एक भी आरोपी पुलिस की गिरफ्त में नहीं आ सका है।


