तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से बाइक सवार की मौत, टक्कर के बाद पिकअप भी पलटी; चालक फरार
भीलवाड़ा (बृजेश शर्मा) शहर के सदर थाना क्षेत्र में आज एक भीषण सड़क हादसा घटित हुआ, जिसमें दूध डेयरी की एक तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक सवार को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में बाइक सवार की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप अनियंत्रित होकर हाईवे पर ही पलट गई।
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान चंद्रेश कुमार मूंदड़ा (60), पुत्र कल्याणमल मूंदड़ा, निवासी विजय सिंह पथिक नगर, भीलवाड़ा के रूप में हुई है। चंद्रेश कुमार अपनी बाइक पर भीलवाड़ा से इटामारिया गांव की ओर जा रहे थे। इसी दौरान 'बड़ा महुआ' पेट्रोल पंप के पास पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार दूध डेयरी की पिकअप ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद पिकअप सड़क पर पलट गई, जिसे छोड़कर चालक मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत 108 एम्बुलेंस और पुलिस को सूचना दी। प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस की देरी पर नाराजगी जाहिर करते हुए बताया कि सूचना के काफी देर बाद पुलिस मौके पर पहुँची, जिससे कुछ समय के लिए वहां मौजूद भीड़ में आक्रोश व्याप्त हो गया।
सदर थाना पुलिस ने मौके पर पहुँचकर स्थिति को संभाला और मृतक के शव को कब्जे में लेकर महात्मा गांधी अस्पताल की मॉर्च्युरी पहुँचाया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त पिकअप को जब्त कर लिया है। थाना अधिकारी के अनुसार, गाड़ी के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर चालक की तलाश की जा रही है और उचित कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। पोस्टमार्टम के पश्चात शव परिजनों को सौंप दिया गया है।


