कठूमर में जनगणना-2027 हेतु प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण हुआ समपन्न
कठूमर / दिनेश लेखी। आगामी जनगणना-2027 को सफल, पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से पंचायत समिति सभागार कठूमर में प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम सम्पन्न हुआ । प्रशिक्षण कार्यक्रम में विभिन्न ब्लॉकों से आए सुपरवाइजर, प्रगणक एवं संबंधित कर्मचारियों ने भाग लेकर जनगणना से जुड़ी बारीकियों की जानकारी प्राप्त की। प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों एवं फील्ड ट्रेनरों द्वारा नई डिजिटल जनगणना प्रक्रिया, आंकड़ों के संकलन की विधि, घर-घर सर्वे करने के तरीके तथा निर्धारित प्रपत्रों को सही ढंग से भरने की प्रक्रिया के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। इसके साथ ही जनगणना कार्य के दौरान आने वाली संभावित समस्याओं एवं उनके समाधान के बारे में भी कर्मचारियों को व्यावहारिक रूप से समझाया गया। अधिकारियों ने बताया कि जनगणना देश की सबसे महत्वपूर्ण प्रशासनिक प्रक्रियाओं में से एक है, जिसके माध्यम से सरकार को जनसंख्या, आवास, शिक्षा, रोजगार एवं सामाजिक-आर्थिक स्थिति से संबंधित महत्वपूर्ण आंकड़े प्राप्त होते हैं। इन आंकड़ों के आधार पर विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का निर्माण एवं क्रियान्वयन किया जाता है। इसलिए जनगणना कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने तथा पूरी जिम्मेदारी एवं निष्ठा के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए।
प्रशिक्षण में कर्मचारियों को घर-घर जाकर सही, सटीक एवं तथ्यात्मक जानकारी एकत्रित करने, आमजन से समन्वय स्थापित करने तथा लोगों को जनगणना के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही यह भी बताया गया कि जनगणना के दौरान प्राप्त जानकारी पूरी तरह गोपनीय रखी जाती है तथा इसका उपयोग केवल सरकारी योजनाओं एवं नीतियों के निर्माण में किया जाता है। कार्यक्रम में जनगणना चार्ज अधिकारी नगर पालिका कठूमर विक्रांत शर्मा (ईओ), एडमिन चार्ज मनोज कुमार शर्मा एवं जीतू शर्मा, फील्ड ट्रेनर (एफटी) जमुना प्रसाद शर्मा एवं ललित जैन मौजूद रहे। वहीं पर्यवेक्षक के रूप में लाखन सिंह, धीर सिंह तंवर, राकेश कुमार चौधरी एवं उत्सव किराड़ ने प्रशिक्षण में सक्रिय सहभागिता निभाई। प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान कर्मचारियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उन्हें जनगणना कार्य को प्रभावी ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी प्रदान किए गए।


