ईंदपुर के समीप दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर भीषण सड़क हादसा: ट्रेलर में घुसी कार, एक की मौत, चार गंभीर घायल
अलवर जिले के गोविन्दगढ़ थाना क्षेत्र में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात करीब 2:30 बजे इंदपुर के पास एक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए। यह हादसा एक्सप्रेस-वे के चैनल नंबर 87+500 इंदपुर के समीप जयपुर से दिल्ली की ओर जाते समय हुआ, जब एक कार आगे चल रहे ट्रेलर से पीछे से टकरा गई। टक्कर के कारण कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही एनएचएआई की एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बड़ौदामेव ले जाया गया। वहां ड्यूटी इंचार्ज आशीष गोस्वामी ने जांच के बाद मनीष कुमार (40), निवासी किशनगढ़ रेनवाल, जयपुर को मृत घोषित कर दिया। शव को गोविन्दगढ़ अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।
गंभीर रूप से घायल अन्य लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घायलों में भानु प्रताप (20) पुत्र शिवकुमार निवासी नुन्या खेड़ली, राजेश (40) पुत्र वीरभान निवासी जयपुर, अजय (52) पुत्र महावीर निवासी जोबनेर और कमलेश (37) पुत्र मदनलाल निवासी बगरू, जयपुर शामिल हैं।
कार चालक ने बताया कि वह सभी यात्रियों को जयपुर से दिल्ली एयरपोर्ट छोड़ने जा रहा था। इन सभी यात्रियों की दिल्ली से थाईलैंड जाने की फ्लाइट बुक थी। वे सैमसंग मोबाइल की ओर से थाईलैंड ट्रिप पर जा रहे थे। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है।


