रफ्तार पर नहीं लग रहा ब्रेक, धार्मिक स्थल व स्कूल मार्ग पर हादसों का खतरा: नवनिर्मित सीसी सड़क पर स्पीड ब्रेकर लगाने की मांग
लक्ष्मणगढ़ (अलवर/कमलेश जैन) कस्बे के प्रमुख धार्मिक क्षेत्र—सेंढ माता मंदिर, चमत्कारी हनुमान मंदिर, शिवालय एवं जैन मंदिर को जाने वाले मुख्य रास्ते पर हाल ही में नई सीसी सड़क का निर्माण करवाया गया है। सड़क बनने से राहगीरों को आवागमन में सुविधा तो मिली है, लेकिन अब यह मार्ग दुर्घटनाओं का केंद्र बनता जा रहा है। मार्ग पर एक भी स्पीड ब्रेकर (गति अवरोधक) नहीं होने के कारण वार्ड निवासियों और श्रद्धालुओं की चिंता बढ़ गई है।
- स्कूली बच्चों और बुजुर्गों की बनी रहती है आवाजाही
स्थानीय लोगों ने बताया कि इस रास्ते से होकर रोजाना बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर दर्शन के लिए जाते हैं। इसके साथ ही स्कूली बच्चों का आवागमन भी इसी मार्ग से हमेशा बना रहता है। सड़क समतल और नई होने के कारण तेज रफ्तार दोपहिया वाहन चालक लापरवाही से गाड़ियां दौड़ाते हैं, जिससे हर समय बड़े हादसे की आशंका बनी रहती है।
सुरक्षा को देखते हुए वार्ड निवासियों और बुजुर्गों ने नगर पालिका प्रशासन से जल्द से जल्द स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग की है।-
नरेंद्र सैनी, वार्ड 19 निवासी का कहना है कि- "इस इलाके में बच्चों और बुजुर्गों की आवाजाही सबसे ज्यादा रहती है। ऐसे में सुरक्षा के लिहाज से स्पीड ब्रेकर बनाना बेहद जरूरी है ताकि लोग बेझिझक और सुरक्षित आवागमन कर सकें।"
महेश शर्मा, वार्ड 19 निवासी का कहना है कि "इस मार्ग पर यातायात का दबाव हमेशा बना रहता है। नगर पालिका को चाहिए कि यहां स्थायी रूप से मजबूत स्पीड ब्रेकर बनाए जाएं, ताकि वाहन चालक रफ्तार कम करें और किसी भी अप्रिय दुर्घटना से बचा जा सके।"
क्षेत्रवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही नगर पालिका द्वारा इस ओर ध्यान नहीं दिया गया, तो वे जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर त्वरित कार्रवाई की मांग करेंगे।

