स्टेशन रोड पर जलभराव व क्षतिग्रस्त सड़कों की समस्या: निवर्तमान पार्षद शक्ति सिंह ने आयुक्त को सौंपा ज्ञापन
मकराना (मोहम्मद शहजाद)। नगर परिषद मकराना के वार्ड संख्या 34 के निवर्तमान पार्षद शक्ति सिंह चौहान ने नगर परिषद आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर क्षेत्र की विभिन्न निर्माण एवं जन समस्याओं के शीघ्र निस्तारण की मांग की है। पार्षद शक्ति सिंह ने ज्ञापन के माध्यम से अवगत कराया कि कस्बा पुलिस चौकी के सामने स्टेशन रोड पर बारिश के दौरान तथा पेयजल आपूर्ति के समय भारी जलभराव हो जाता है। इससे राहगीरों एवं वाहन चालकों को आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ज्ञापन में बताया गया कि स्टेशन के सामने आजम वीडियो वाली गली में पुरानी सीवरेज लाइन को नई लाइन से नहीं जोड़ा गया है, जिससे गंदा पानी पुरानी लाइन में ही जमा रहता है। इसके अलावा शेरे पंजाब होटल के पास स्थित पुराने सीवरेज चैंबर को पिछले वर्ष बंद कर दिए जाने के कारण पानी का सही बहाव नहीं हो पा रहा है और कस्बा पुलिस चौकी के पास पानी एकत्र हो रहा है।
उन्होंने बताया कि रेलवे स्टेशन और शौचालय के सामने लगी लोहे की जालियों के कारण उठती बदबू से स्थानीय दुकानदारों का बैठना दूभर हो गया है। साथ ही खुली जालियों में राहगीरों के मोबाइल सहित अन्य वस्तुए गिरने की घटनाएं भी हो रही हैं। उन्होंने इन जालियों को हटवाकर नए फेरो कवर लगवाने की मांग की है। इसके साथ ही होटल गणगौर पैलेस से शेरे पंजाब होटल तक क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत और टूट चुके सीवरेज चैंबरों पर नए कवर लगाने की आवश्यकता जताई। नगर परिषद कार्यालय के सामने जमा होने वाले बरसाती पानी की त्वरित निकासी के लिए निवर्तमान पार्षद ने एक नया पंप हाउस बनाने तथा उसमें 59 एचपी का जनरेटर लगाने की मांग की है ताकि आमजन को जलभराव की समस्या से जल्द राहत मिल सके।

