राजस्थान शिक्षक संघ शेखावत की बैठक संपन्न, संगठन विस्तार व शिक्षक समस्याओं पर मंथन
मकराना (मोहम्मद शहजाद)। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय खिलेरिया नाडा में राजस्थान शिक्षक संघ शेखावत उपशाखा मकराना की एक आवश्यक बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता ब्लॉक अध्यक्ष पंकज चौधरी ने की। बैठक में संगठन के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का सम्मान किया गया और शिक्षक हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक की शुरुआत प्रदेश व जिला स्तर पर निर्वाचित हुए पदाधिकारियों के स्वागत के साथ हुई। ब्लॉक अध्यक्ष पंकज चौधरी ने जानकारी दी कि कोटा में आयोजित संगठन के प्रांतीय अधिवेशन में मकराना के अब्दुल रऊफ को प्रदेश सदस्य चुना गया है। उन्होंने अब्दुल रऊफ के दो दशकों के संघर्ष और अनुभव को संगठन के लिए अमूल्य बताया। इसके साथ ही, देवाराम भाम्बू को जिला कमेटी में उपाध्यक्ष चुने जाने पर उनका भी माल्यार्पण कर स्वागत किया गया।
बैठक में उपस्थित शिक्षकों ने शिक्षक समस्याओं के समाधान को लेकर अपने विचार रखे। इस दौरान लंबित पे-प्रोटेक्शन आदेशों को शीघ्र जारी करवाने की मांग। तृतीय श्रेणी अध्यापकों की पदोन्नति प्रक्रिया को गति देने पर जोर। संविदा पर कार्यरत कार्मिकों के शीघ्र नियमितीकरण की मांग। शिक्षकों को गैर-शैक्षणिक कार्यों से पूर्णतः मुक्त करने का आग्रह। तृतीय श्रेणी शिक्षकों के बहुप्रतीक्षित स्थानांतरण शुरू करने की मांग के साथ 25 अगस्त को बीकानेर में शिक्षा निदेशालय के घेराव को सफल बनाने के लिए रणनीति तैयार की गई। इस अवसर पर उपशाखा मंत्री अर्जुन राम गांधी, भंवर सिंह राठौड़, दशरथ गौड़, श्रीराम चौधरी, मोहम्मद इमरान, रमेंद्र मीणा, जय राम सहित बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे।


