श्री गोविंद गौशाला समिति की अनोखी पहल: सब्जी विक्रेताओं से हरी सब्जियां जुटाकर गोवंश को खिला रहे,गोवंश को मिल रहा आहार
लक्ष्मणगढ़, अलवर/ कमलेश जैन : अलवर जिले के गोविंदगढ़ स्थित गोविंद देव मंदिर किले में संचालित श्री गोविंद गौशाला सेवा समिति द्वारा गोवंश की देखरेख और धार्मिक-सेवा कार्यों को लेकर की गई विशेष पहल की लक्ष्मणगढ़ वासियों ने मुक्त कंठ से सराहना की है।
सब्जियों के सदुपयोग से गोसेवा और स्वच्छता दोनों साध्य कस्बे में सब्जी विक्रेताओं द्वारा बची हुई या खराब सब्जियों को सड़कों और नालों में फेंक दिया जाता था, जिससे चारों तरफ गंदगी फैलती थी। इस समस्या का समाधान निकालते हुए समिति ने एक दैनिक टेंपो लक्ष्मणगढ़ भेजना शुरू किया है। यह टेंपो सब्जी विक्रेताओं से सब्जियां एकत्रित कर गौशाला ले जाता है, जहाँ इन सब्जियों का चारे के रूप में गोवंश के लिए सदुपयोग किया जा रहा है। इस व्यवस्था से जहाँ कस्बे को गंदगी से मुक्ति मिल रही है, वहीं बेसहारा गोवंश को पौष्टिक आहार मिल रहा है।
समिति की प्रमुख सेवा गतिविधियाँ:
-
आश्रय एवं चारे-पानी की व्यवस्था: गौशाला परिसर और आसपास के बेसहारा गोवंश के लिए नियमित चारे, पानी और सुरक्षित आश्रय का प्रबंध।
-
सेवा दिवस के रूप में आयोजन: परिसर में जन्मदिन, सालगिरह और सवामणी जैसे पारिवारिक एवं धार्मिक अवसरों को 'सेवा दिवस' के रूप में मनाकर दान-पुण्य करने की अनूठी परंपरा।
समिति ने की सहयोग की अपील गोविंद गौशाला सेवा समिति ने आमजन से अपील की है कि वे गोवंश के संरक्षण और संवर्धन के लिए चारे-पानी और आर्थिक सहयोग (दान) में अपनी भागीदारी निभाएं तथा इस पुनीत कार्य का लाभ अर्जित करें।

