दहेज के लालच में विवाहिता की हत्या कर कुएं में फेंका पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की
राजगढ़ (अलवर ) अनिल गुप्ता
राजगढ़ थाना क्षेत्र के खरखड़ी चावंड सिंह गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। महिला का शव उसके ससुराल से महज बीस फीट दूर एक कुएं में मिला। मृतका की पहचान 22 वर्षीय मुस्कान के रूप में हुई है। जिसकी शादी मात्र तीन माह पूर्व इसी गांव के तनुज से हुई थी। मामले में मृतका के पीहर पक्ष ने ससुराल पक्ष पर दहेज प्रताड़ना व हत्या का आरोप लगाया है।
मृतका के पिता अशोक कुमार, निवासी इस्माइलपुर किशनगढ़बास, ने बताया कि उन्होंने बेटी मुस्कान की शादी धूमधाम से की थी, जिसमें दहेज स्वरूप बाइक, नकदी व अन्य सामान सहित करीब दस लाख रुपये खर्च किए गए थे। इसके बावजूद शादी के बाद से ही मुस्कान का पति तनुज, देवर अंकुश, सास गुड्डी, मौसी सास धोली और काका ससुर नरेंद्र उस पर दहेज के लिए लगातार दबाव बना रहे थे। आरोप है कि ससुराल वाले एक और बाइक, पांच लाख रुपये नकद और सोने की अंगूठी की मांग कर रहे थे।
पीड़ित पिता के अनुसार, दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर ससुरालजनों ने मुस्कान के साथ पहले मारपीट की और फिर उसे घर के पास स्थित कुएं में फेंक दिया। बाद में आरोपित उसे मित्तल अस्पताल में मृत अवस्था में छोड़कर भाग गए। सूचना मिलने पर जब परिजन अस्पताल पहुंचे तो मुस्कान को जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया।
अशोक कुमार ने बताया कि मुस्कान के दोनों हाथ-पैर टूटे हुए थे और शरीर पर गंभीर चोटों के निशान थ।पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पीहर पक्ष की ओर से आरोपियों के सख्त कार्यवाही की मांग की है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपियों की तलाश जारी है।