समृद्ध मातृत्व अभियान: कुम्हेर में महिला एवं बाल विकास के बेहतरीन कार्यों की देश भर में सराहना, दिल्ली में हुए सम्मानित
डीग जिले का मान बढ़ा: CDPO कुम्हेर महेंद्र अवस्थी समेत महिला सुपरवाइजर व आंगनबाड़ी कार्यकर्ता नई दिल्ली में राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित
कुम्हेर/डीग (विष्णु मित्तल)। नई दिल्ली में आयोजित 'समृद्ध मातृत्व अभियान' के तहत आयोजित राष्ट्रीय कार्यशाला में डीग जिले के कुम्हेर ब्लॉक का परचम लहराया है। मातृत्व एवं शिशु सेवा, पोषण, स्वास्थ्य तथा सामाजिक कल्याण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने पर सीडीपीओ कुम्हेर के अधिकारियों व कर्मचारियों को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया।
20 राज्यों के मंत्रियों और सांसदों ने की कुम्हेर मॉडल की तारीफ कार्यक्रम के दौरान कुम्हेर ब्लॉक में संचालित महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं, गर्भवती महिलाओं की देखभाल, तथा 0 से 6 वर्ष तक के बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण और प्रारंभिक शिक्षा से जुड़े कार्यों पर विस्तृत चर्चा की गई। देश भर के 20 राज्यों से आए केंद्रीय मंत्रियों, सांसदों, विधायकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने कुम्हेर ब्लॉक की आंगनबाड़ी व्यवस्था और कार्यप्रणाली की खुले मंच से सराहना की।
देश की प्रमुख हस्तियों की मौजूदगी में मिला सम्मान यह सम्मान समारोह कनेरी मठ (महाराष्ट्र) के संत सिद्धेश्वर स्वामी, केंद्रीय आयुष राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव, पश्चिम बंगाल के सांसद डॉ. जयंत कुमार रॉय, कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया, बक्सर सांसद सुधाकर सिंह, समृद्ध भारत अभियान के निदेशक सीताराम गुप्ता, समाजसेविका मोनिका एवं गांधी सेवा संस्थान के अध्यक्ष बसंत कुमार की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ।
इन अधिकारियों और कार्यकर्ताओं का हुआ सम्मान कुम्हेर सीडीपीओ महेंद्र अवस्थी ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रजनन, स्वास्थ्य एवं मातृ गरिमा पर आयोजित इस राष्ट्रीय कार्यशाला में कुम्हेर सीडीपीओ कार्यालय से जुड़ी निम्नलिखित विभूतियों का नागरिक अभिनंदन किया गया:
-
महिला सुपरवाइजर: रेखा शर्मा, सीमा शर्मा एवं अनीता मीणा
-
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता: दिनेश कुमारी (अभोरा) एवं संतोष शर्मा (भटपुरा)
समृद्ध ग्राम अभियान के निदेशक सीताराम गुप्ता और नई दिल्ली की समाजसेविका मोनिका ने सम्मानित होने वाली सभी महिला पर्यवेक्षकों एवं कार्यकर्ताओं को प्रशस्ति पत्र देकर उनके उत्कृष्ट कार्यों की सराहना की।

