रात के अंधेरे में चमकेगी रेडियम बेल्ट: तखतगढ़ में बेसहारा गोवंश के गले में बांधे गए रिफ्लेक्टर पट्टे, हादसों में आएगी कमी
गोवंश रक्षा और सड़क सुरक्षा के लिए तखतगढ़ पालिका की बड़ी पहल: बेसहारा पशुओं के गले में बांधी गई 'रेडियम बेल्ट'
तखतगढ़ (बरकत खां)। रात्रि के समय सड़कों पर होने वाली दुर्घटनाओं पर रोक लगाने और बेसहारा गोवंश की सुरक्षा के उद्देश्य से नगर पालिका तखतगढ़ ने एक सराहनीय जनहितकारी पहल की शुरुआत की है। अधिशासी अधिकारी (EO) महेंद्र बंजारा के निर्देशन में पालिका टीम द्वारा सड़कों पर विचरण करने वाले गोवंश के गले में रेडियम रिफ्लेक्टर बेल्ट (पट्टे) बांधने का विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
अंधेरे में दूर से ही चमकेंगी रेडियम बेल्ट अधिशासी अधिकारी महेंद्र बंजारा ने अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि रात के समय अक्सर सड़कों पर बैठे या घूमते हुए बेसहारा मवेशी वाहन चालकों को दिखाई नहीं देते, जिससे गंभीर हादसे हो जाते हैं। इन रेडियम रिफ्लेक्टर बेल्ट पर जैसे ही गाड़ियों की लाइट पड़ेगी, वे दूर से ही चमकने लगेंगी। इससे वाहन चालक सतर्क हो जाएंगे और समय रहते ब्रेक लगाकर हादसों को रोका जा सकेगा।
नगर पालिका प्रशासन की वाहन चालकों से अपील:
-
नियंत्रित गति से चलाएं वाहन: रात्रि के समय सड़कों पर वाहन सावधानीपूर्वक और सीमित गति में ही चलाएं।
-
संवेदनशीलता दिखाएं: सड़क पर विचरण करने वाले बेसहारा मवेशियों के प्रति संवेदनशीलता बरतें।
अभियान में पालिका टीम और पुलिस अधिकारी रहे मौजूद ईओ महेंद्र बंजारा ने कहा कि नगर पालिका प्रशासन भविष्य में भी ऐसे जनसेवा और जीवदया के कल्याणकारी कार्यों में हर संभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है। इस मौके पर सर्किल इंस्पेक्टर सूरज चौधरी, सफाई निरीक्षक मुकेश माली, जमादार सहित पालिका के कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

