राजकीय विद्यालय में हुआ पौधारोपण कार्यक्रम; विद्यार्थियों ने पौधे लगाकर ली नियमित देखभाल और पर्यावरण संरक्षण की शपथ
लक्ष्मणगढ़ (अलवर/कमलेश जैन) तहसील क्षेत्र के समीपवर्ती ग्राम पंचायत कानेटी में पर्यावरण संरक्षण और हरित वातावरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से स्थानीय राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय कानेटी परिसर में एक दिवसीय पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस दौरान विद्यालय प्रांगण में विभिन्न प्रजातियों के छायादार व फलदार पौधे लगाए गए तथा विद्यार्थियों को प्रकृति एवं पर्यावरण के महत्व के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय की प्रधानाचार्य निर्मला कुमारी मीना ने की।
इस अवसर पर उपप्रधानाचार्य शिवदयाल मीना एवं भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के जिला सचिव गोविंद सहाय बैरवा भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में भारत स्काउट्स एंड गाइड्स से जुड़े विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। स्काउट-गाइड सदस्य सुमन, गुंजन, सपना, कोमल, शकुंतला, अनुष्का, नेहा और रुकसार सहित अन्य विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक पौधरोपण किया।
वक्ताओं ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश प्रधानाचार्य निर्मला कुमारी मीना ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि पेड़-पौधे हमारे जीवन का मुख्य आधार हैं। केवल पौधे लगाना ही काफी नहीं है, बल्कि उनकी नियमित देखभाल कर उन्हें वटवृक्ष बनाना हम सभी की नैतिक जिम्मेदारी है। उपप्रधानाचार्य शिवदयाल मीना ने छात्रों को प्रकृति से जुड़ने तथा अपने दैनिक जीवन में पर्यावरण-अनुकूल आदतें अपनाने के लिए प्रेरित किया।
जिला सचिव गोविंद सहाय बैरवा ने स्काउट विद्यार्थियों के प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि स्काउटिंग विद्यार्थियों में सेवा, अनुशासन और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी की भावना जागृत करती है। कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने रोपे गए पौधों की सुरक्षा व नियमित सिंचाई करने का संकल्प लिया। पूरा कार्यक्रम उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

