महुवा में देशभक्ति का महासैलाब:हाथों में तिरंगा और 'भारत माता की जय' के उद्घोष,विधायक नेतृत्व में निकली ऐतिहासिक तिरंगा यात्रा
महुवा (अवधेश अवस्थी)। देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर 'हर घर तिरंगा' अभियान के तहत महुवा उपखंड मुख्यालय पर एक ऐतिहासिक और विशाल तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। स्थानीय विधायक राजेंद्र मीणा के नेतृत्व में आयोजित इस यात्रा में हजारों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं, प्रशासनिक अधिकारियों, छात्र-छात्राओं, मातृशक्ति और आमजन ने भाग लेकर राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति का अनूठा संदेश दिया।
प्रमुख मार्गों से गुजरी यात्रा, अब्दुल कलाम पार्क पर हुआ समापन
यह भव्य तिरंगा यात्रा राजकीय टीकाराम पालीवाल उच्च माध्यमिक विद्यालय के खेल मैदान से गाजे-बाजे और देशभक्ति के जयघोष के साथ रवाना हुई। इसके बाद यात्रा शहर के मुख्य बाजार, तहसील रोड, हिंडौन रोड और थाने के सामने से गुजरती हुई भरतपुर रोड स्थित अब्दुल कलाम पार्क पहुंची।
अब्दुल कलाम पार्क पहुंचने पर विधायक राजेंद्र मीणा द्वारा यात्रा में शामिल सभी लोगों और बच्चों को फल एवं पानी की बोतलों का वितरण किया गया।
'शहीदों की कुर्बानी को नमन करती है यह यात्रा' — विधायक राजेंद्र मीणा
इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए विधायक राजेंद्र मीणा ने कहा कि राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान और देशभक्ति के भाव से ओत-प्रोत इस यात्रा में महुवा के क्षेत्रवासियों ने अभूतपूर्व उत्साह दिखाया है। यह यात्रा हमारे वीर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों के अतुलनीय बलिदानों को नमन करने का एक माध्यम है।
उन्होंने कहा कि युवाओं, मातृशक्ति, सामाजिक संगठनों और छात्र-छात्राओं की इतनी बड़ी भागीदारी ने इस आयोजन को ऐतिहासिक बना दिया है।
सुरक्षा व यातायात के रहे कड़े इंतजाम
तिरंगा यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए थानाधिकारी महेंद्र यादव के नेतृत्व में भारी पुलिस जाब्ता और ट्रैफिक पुलिसकर्मी पूरे मार्ग में तैनात रहे।
ये गणमान्य लोग रहे मौजूद: कार्यक्रम में नगर पालिका अधिशासी अधिकारी राजेश मीणा, कनिष्ठ अभियंता पृथ्वीराज गुर्जर, मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी कमलेश मीणा, रामफल मीणा, महुवा प्रेस क्लब अध्यक्ष अवधेश अवस्थी, भाजपा जिला उपाध्यक्ष मिश्री देवी मीणा, धारा सिंह पीपलखेड़ा, विनीत बंसल, विमल जैन, प्रिंसिपल चंद्रकांत शर्मा, भगवान सहाय तिवारी, योगेश, हेमेंद्र तिवारी, डॉ. माधव खंडेलवाल, विजय सिंह, मनोज गुर्जर, नेमीचंद खेडली वाले, प्रयाग सिंह राजपूत, वेद प्रकाश गोयल, विनोद जादौन, सुनील जैन, राजकुमार करीरी वाले, राम गोपाल शर्मा, गोविंद सेन, तरुण सैनी सहित नगर पालिका का समस्त स्टाफ, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

