"भारत माता की जय" के जयकारों से गूंजा खेरली: 'हर घर तिरंगा' अभियान के तहत छात्राओं ने दिया एकता का संदेश
खेरली (दिनेश लेखी)। अग्रसेन महिला महाविद्यालय खेरली में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के तत्वावधान में 'हर घर तिरंगा' अभियान के अंतर्गत एक भव्य तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। महाविद्यालय की स्वयंसेवी छात्राओं ने हाथों में राष्ट्रध्वज थामकर पूरे कस्बे में रैली निकाली और आमजन को राष्ट्रप्रेम, सामाजिक एकता एवं जिम्मेदार नागरिक के कर्तव्यों का संदेश दिया।
पूर्व पालिकाध्यक्ष ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
रैली का औपचारिक शुभारंभ नगर पालिका की पूर्व अध्यक्ष श्रीमती आशा अग्रवाल, वेद प्रकाश गुप्ता एवं संजय गीजगढ़िया ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर किया।
अग्रवाल धर्मशाला से शुरू होकर मुख्य मार्गों से गुजरी यात्रा
अग्रवाल धर्मशाला परिसर से प्रारंभ हुई यह तिरंगा यात्रा देशभक्ति गीतों की गूंज के बीच कस्बे के विभिन्न मुख्य मार्गों से होकर गुजरी। यात्रा के दौरान छात्राओं द्वारा लगाए गए 'भारत माता की जय' और 'वंदे मातरम्' के गगनभेदी जयघोषों से पूरा खेरली कस्बा देशभक्ति के माहौल में सराबोर नजर आया।
कस्बे के नागरिकों एवं समाजसेवियों द्वारा विभिन्न स्थानों पर यात्रा पर पुष्पवर्षा की गई तथा छात्राओं के लिए अल्पाहार की व्यवस्था कर उनका जोरदार स्वागत किया गया।
प्राचार्या व कार्यक्रम अधिकारियों के निर्देशन में आयोजन
रैली का सफल आयोजन महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. बी.एल. उपाध्याय, राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी डॉ. नेहा गोयल एवं संतोष शर्मा के कुशल निर्देशन में व्यवस्थित रूप से संपन्न हुआ।
ये गणमान्य लोग रहे मौजूद: इस अवसर पर महाराजा श्री अग्रसेन शिक्षण संस्थान के अध्यक्ष अशोक गुप्ता, मंत्री अजीत गोयल, अग्रवाल समाज अध्यक्ष गोपाल राम बंसल, मंत्री दिनेश गोयल, राधारमण अग्रवाल, राम अवतार गुप्ता, गोपेश गोयल, राजेंद्र मित्तल, शशिकांत बंसल, राजेंद्र गुप्ता, राम कुमार गोयल, सतीश अग्रवाल, अंकित गोयल, मोनू सिंघल, संतोष अग्रवाल सहित महाविद्यालय का समस्त शैक्षणिक एवं अशैक्षणिक स्टाफ मौजूद रहा।

