भीलवाड़ा के महात्मा गांधी अस्पताल की मुख्य सड़क पर गहरे गड्ढे, मरीज और आमजन परेशान - आप नेता हेमेन्द्र सिंह मेहता ने मरम्मत की मांग की
भीलवाड़ा (राजस्थान): शहर के सबसे बड़े सरकारी चिकित्सा संस्थान महात्मा गांधी अस्पताल की मुख्य सड़क की हालत बेहद जर्जर हो चुकी है। सड़क पर जगह-जगह बने गहरे गड्ढों के कारण मरीजों, उनके परिजनों और रोजाना गुजरने वाले आमजन को भारी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। सबसे चिंताजनक स्थिति अस्पताल पहुंचने वाली एम्बुलेंस और आपातकालीन वाहनों की है, जिन्हें इन गड्ढों के कारण मरीजों को ले जाने में काफी मशक्कत करनी पड़ रही है।
इस गंभीर जनसमस्या को लेकर आम आदमी पार्टी के नेता हेमेन्द्र सिंह मेहता ने जिला प्रशासन और नगर परिषद की कार्यशैली पर कड़ा रोष जताया है। सड़क की बदहाली पर चिंता व्यक्त करते हुए मेहता ने कहा, "महात्मा गांधी अस्पताल जिले का सबसे प्रमुख अस्पताल है, जहां रोजाना हजारों मरीज इलाज के लिए आते हैं। सड़क के गड्ढों के कारण एम्बुलेंस में आ रहे गंभीर मरीजों को तेज झटके लगते हैं, जिससे उनकी जान का जोखिम बढ़ जाता है। कई बार ऑटो और दुपहिया वाहन चालक इन गड्ढों में गिरकर चोटिल हो चुके हैं। हालिया बरसात के पानी ने गड्ढों को और गहरा कर दिया है, जो प्रशासन की घोर लापरवाही को दर्शाता है।"
आप नेता ने जिला कलेक्टर, नगर परिषद आयुक्त और अस्पताल अधीक्षक से जनहित को प्राथमिकता पर रखते हुए इस मुख्य सड़क की तुरंत मरम्मत करवाने की पुरजोर मांग की है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने समय रहते इस समस्या का स्थाई समाधान नहीं किया, तो आम आदमी पार्टी आमजन के हक के लिए सड़क पर उतरकर उग्र आंदोलन करने को बाध्य होगी।

