70वीं जिला स्तरीय तैराकी प्रतियोगिता: राजेंद्र मार्ग विद्यालय के छात्र ने जीते 2 स्वर्ण और 1 रजत पदक; विद्यालय परिवार ने किया भव्य स्वागत
भीलवाड़ा,राजकुमार गोयल
भीलवाड़ा के विटी इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित की जा रही 70वीं जिला स्तरीय तैराकी प्रतियोगिता में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, राजेंद्र मार्ग के कक्षा 11 के प्रतिभावान छात्र शिवदेव सिंह राणावत ने अपने उत्कृष्ट खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन करते हुए पदकों की हैट्रिक लगाई है। शिवदेव सिंह की इस स्वर्णिम सफलता से विद्यालय एवं पूरे जिले का नाम रोशन हुआ है।
शानदार प्रदर्शन के साथ जीतीं 3 स्पर्धाएं
प्रतियोगिता के दौरान उत्कृष्ट तैराकी का मुआयना पेश करते हुए शिवदेव सिंह ने:
-
100 मीटर फ्री स्टाइल: में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक (Gold Medal) हासिल किया।
-
200 मीटर ब्रेस्ट स्ट्रोक: स्पर्धा में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर स्वर्ण पदक (Gold Medal) पर कब्जा जमाया।
-
100 मीटर ब्रेस्ट स्ट्रोक: में कड़ी टक्कर देते हुए रजत पदक (Silver Medal) अपने नाम किया।
विद्यालय परिसर में भव्य स्वागत एवं सम्मान
छात्र शिवदेव सिंह की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर विद्यालय परिसर में एक स्वागत व सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य राजेंद्र सिंह गहलोत ने छात्र शिवदेव सिंह का पारंपरिक रूप से उपरणा ओढ़ाकर एवं मिठाई खिलाकर आत्मीय स्वागत व सम्मान किया।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य राजेंद्र सिंह गहलोत ने कहा, "खेल विद्यार्थियों में अनुशासन और आत्मविश्वास का संचार करते हैं। शिवदेव की यह सफलता विद्यालय के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी।"
गणमान्य जनों ने दीं शुभकामनाएं
इस गौरवमयी अवसर पर उप प्रधानाचार्य धीरज कुमार जोशी, राउमावि बड़ा महुआ के प्रधानाचार्य अटल बिहारी वैष्णव, शारीरिक शिक्षा प्राध्यापक ज्योति खटीक, विक्रम चौधरी एवं मीडिया प्रभारी प्राध्यापक सत्येन्द्र माली विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी शिक्षकों, अतिथियों एवं स्टाफ साथियों ने होनहार खिलाड़ी शिवदेव सिंह को उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं और बधाई प्रेषित की।

