मौजपुर से सैन समाज की नारायणी माता धाम के लिए हुई 19वीं पदयात्रा रवाना
लक्ष्मणगढ़ (अलवर/कमलेश जैन)। उपखंड क्षेत्र के निकटवर्ती ग्राम मौजपुर से बुधवार को सैन समाज के तत्वावधान में नारायणी माता धाम के लिए 19वीं वार्षिक पदयात्रा पूर्ण श्रद्धा, आस्था और उल्लास के साथ रवाना हुई। पदयात्रा को पूर्व सरपंच रामेश्वर दयाल जैन ने विधिवत पूजन के पश्चात धर्म ध्वज दिखाकर रवानगी दी।
यात्रा की रवानगी के समय पूरा वातावरण माता के जयकारों और भक्ति भजनों से गूंज उठा। पदयात्री हाथों में धर्म ध्वजा लिए माता के भजनों पर भाव-विभोर होकर नाचते-गाते आगे बढ़े। समाजसेवी मोहित जैन ने बताया कि पदयात्रा का मौजपुर गांव के प्रमुख मार्गों पर ग्रामीणों एवं व्यापारियों द्वारा पुष्पवर्षा कर जगह-जगह आत्मीय स्वागत किया गया।
नारायणी माता धाम पर आयोजित होने वाले वार्षिक लक्खी मेले के उपलक्ष्य में यह पदयात्रा प्रतिवर्ष निकाली जाती है। पदयात्रा के धाम पहुंचने पर मंदिर परिसर में सैन समाज की ओर से विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें हजारों श्रद्धालु प्रसादी ग्रहण करेंगे।
इस अवसर पर पूर्व सरपंच रामेश्वर दयाल जैन, कुलदीप जायसवाल, समाजसेवी मोहित जैन, रजत जैन, किशन सैन, गुरगन सैन, विष्णु सैन, त्रिलोक सैन, राजू सहित सैन समाज के प्रबुद्धजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

