कोसेलाव में बिजली समस्या समाधान को लेकर सौंपा ज्ञापन, जल्द मिलेगी अघोषित कटौती और लो-वोल्टेज से राहत
तखतगढ /कोसेलाव (बरकत खा)
ग्राम पंचायत कोसेलाव में पिछले लंबे समय से चली आ रही बार-बार अघोषित बिजली कटौती, ट्रिपिंग और लो-वोल्टेज की गंभीर समस्या के स्थायी समाधान के लिए युवा नेता एवं सरपंच उम्मीदवार भावेश भाई (भावेश कुमार सेन) के नेतृत्व में ग्रामीणों का एक प्रतिनिधिमंडल जोधपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (JdVVNL), पाली के अधीक्षण अभियंता से मिला और ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में भावेश भाई ने अधिकारियों का ध्यान गांव की विद्युत व्यवस्था की बदहाली की ओर आकर्षित करते हुए बताया कि बिजली आपूर्ति सुचारू न होने से आम नागरिकों, किसानों, विद्यार्थियों और छोटे व्यापारियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। उन्होंने विशेष रूप से रखीमजी मेला जो मंदिर, दवासियों की ढाणी और पशु अस्पताल (Veterinary Hospital) क्षेत्र में आ रही लोड और वोल्टेज की समस्याओं को प्राथमिकता से हल करने की मांग रखी।
ग्रामीणों की सभी प्रमुख मांगें स्वीकारी गईं:
युवा नेता भावेश भाई के प्रभावकारी नेतृत्व और ठोस तर्कों के सामने विद्युत विभाग के अधिकारियों ने सकारात्मक रुख अपनाया। वार्ता के दौरान ग्रामीणों द्वारा रखी गई निम्नलिखित सभी प्रमुख मांगों पर सहमति बनी:
* लोड बैलेंसिंग और सेटिंग: गांव के विद्युत लोड की तकनीकी जांच कर तुरंत लोड बैलेंसिंग सही की जाएगी।
* ट्रांसफार्मर जांच व क्षमता वृद्धि: ओवरलोड ट्रांसफार्मरों की जांच कर आवश्यकतानुसार अतिरिक्त या उच्च क्षमता के ट्रांसफार्मर लगाए जाएंगे।
* ट्रिपिंग व लो-वोल्टेज से मुक्ति: बार-बार होने वाली ट्रिपिंग और कम वोल्टेज की समस्या का स्थायी समाधान निकाला जाएगा।
* लाइन मरम्मत: जर्जर व ओवरलोडेड तारों और उपकरणों की त्वरित मरम्मत की जाएगी।
जल्द समाप्त होगी बिजली की समस्या:
विद्युत विभाग के उच्च अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि तकनीकी टीम को शीघ्र ही मौके पर भेजकर निरीक्षण करवाया जाएगा और प्रस्तावित सुधार कार्य तुरंत शुरू कर दिए जाएंगे। अधिकारियों के इस रुख से ग्रामीणों में हर्ष की लहर है। भावेश भाई ने कहा कि ग्रामीणों को जल्द ही निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति मिलने लगेगी, जिससे गांव की वर्षों पुरानी बिजली समस्या समाप्त हो जाएगी।
ये ग्रामीण रहे मौजूद:
ज्ञापन सौंपते समय और वार्ता के दौरान एडवोकेट रामरतन जी सोलंकी, समाजसेवी सुरेंद्र कुमार परमार, मुकेश भाई सुथार, राकेश मेवाड़ा कलाल (कोसेलाव),विमल माली, किशोर माली,धीरज माली, गिरीश सुथार, राहुल मेवाड़ा, किशन चौहान, सुरेश भार्गव, सहित कई स्थानीय ग्रामीण और प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे।

