पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा का जन्मदिन सेवा दिवस के रूप में मनाया: किया पौधारोपण
उदयपुरवाटी (सुमेर सिंह राव) राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में गुरुवार को कस्बे के राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (अस्पताल) में सेवा कार्य आयोजित किए गए। युवा नेता पंकज सैनी बागोरा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने अस्पताल में भर्ती मरीजों को फल वितरित किए तथा परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम में स्थानीय विधायक भगवानाराम सैनी मुख्य रूप से उपस्थित रहे। विधायक सैनी एवं युवा नेता पंकज सैनी बागोरा ने अस्पताल के विभिन्न वार्डों में पहुंचकर उपचाराधीन मरीजों की कुशलक्षेम पूछी और उन्हें फल वितरित करते हुए उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की। इसके बाद अस्पताल परिसर में छायादार पौधे रोपे गए।
इस अवसर पर युवा नेता पंकज सैनी बागोरा ने कहा कि पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा का जन्मदिन कार्यकर्ताओं द्वारा सेवा दिवस के रूप में मनाया गया है। समाज सेवा, पीड़ितों की मदद और पर्यावरण संरक्षण ही पार्टी की मूल भावना है।
कार्यक्रम के दौरान हनुमान गुर्जर, हंसा वर्मा, के. के. सैनी, मोहनलाल, सुरेंद्र बागोरा, सुरेश गुर्जर, राकेश सैनी, विक्रम योगी, अनिल गुर्जर, योगेश बाण सहित चिकित्सालय स्टाफ, युवा साथी एवं कांग्रेस कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

