आगामी पंचायतीराज चुनावों को लेकर आरएलपी का सांगठनिक विस्तार: लक्ष्मणगढ़ के रति जाट बनाए गए अलवर जिला सह प्रभारी
आरएलपी ने बढ़ाई चुनावी गतिविधियां: लक्ष्मणगढ़ के रति जाट को मिली अलवर जिला सह प्रभारी की जिम्मेदारी, कार्यकर्ताओं ने जताया आभार
लक्ष्मणगढ़ (अलवर) कमलेश जैन
आगामी पंचायतीराज चुनाव-2026 को दृष्टिगत रखते हुए राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) ने अपने संगठन को मजबूत और प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। पार्टी ने चुनावी गतिविधियों के समुचित संचालन के लिए प्रदेश स्तर पर जिला और शहर प्रभारियों की नियुक्तियां की हैं, जिसके तहत लक्ष्मणगढ़ के सक्रिय कार्यकर्ता रति जाट को अलवर जिले का सह प्रभारी नियुक्त किया गया है।
संगठन को धार देने की तैयारी:
पार्टी के जारी नियुक्ति पत्र के अनुसार, अलवर जिले में सांगठनिक गतिविधियों और चुनाव प्रबंधन के लिए प्रिया सिंह मेघवाल को जिला प्रभारी तथा रति जाट (लक्ष्मणगढ़) को सह प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। नियुक्त निर्देश में कहा गया है कि सभी जिला एवं स्थानीय कार्यकर्ता प्रभारियों को आवश्यक सहयोग प्रदान करेंगे तथा चुनाव संबंधी सभी बैठकों की विस्तृत रिपोर्ट प्रदेश स्तरीय चुनाव समिति के समक्ष प्रस्तुत करेंगे।
पार्टी नेतृत्व के प्रति जताया आभार:
नियुक्ति के बाद सह प्रभारी रतिराम जाट ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कुछ जिम्मेदारियां केवल पद नहीं होतीं, बल्कि वे नेतृत्व द्वारा जताए गए भरोसे का प्रमाण होती हैं। उन्होंने कहा, "पार्टी द्वारा मुझ पर विश्वास जताकर जो बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसकी कीमत मैं किसी पद से नहीं, बल्कि पार्टी के प्रति अपनी मेहनत, संघर्ष और पूरी ईमानदारी के साथ चुकाऊंगा।" उन्होंने सभी वरिष्ठ नेताओं और साथी कार्यकर्ताओं का भी धन्यवाद ज्ञापित किया है। इस घोषणा के बाद से स्थानीय कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।

