खैरथल में मतगणना के लिए पार्किंग और एंट्री रूट निर्धारित, देरी से आने वाले एजेंटों को नहीं मिलेगी अनुमति
खैरथल-तिजारा / हीरालाल भूरानी
पंचायत समिति एवं जिला परिषद सदस्यों की मतगणना को सुचारु और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने राजनीतिक दलों के काउंटिंग एजेंटों हेतु प्रवेश मार्ग, समय और वाहनों की पार्किंग व्यवस्था निर्धारित कर दी है।
मुख्य द्वार से मिलेगा प्रवेश, दो स्थानों पर पार्किंग जारी व्यवस्था के अनुसार, मतगणना स्थल पर जाने वाले राजनीतिक दलों के काउंटिंग एजेंटों का प्रवेश पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, खैरथल के मुख्य द्वार से सुनिश्चित किया गया है। वहीं, यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए एजेंटों के वाहनों की पार्किंग हेतु दो स्थान तय किए गए हैं:
-
अंबेडकर सर्किल के समीप स्थित बस स्टैंड पर
-
अनाज मंडी परिसर के अंदर निर्धारित स्थान पर
प्रवेश और मतगणना का समय सारणी प्रशासन ने भीड़ नियंत्रण और समयबद्ध प्रक्रिया के लिए अलग-अलग पदों के एजेंटों के प्रवेश और मतगणना का समय भी तय किया है:
| पद | एजेंटों के प्रवेश का समय | मतगणना शुरू होने का समय |
| पंचायत समिति सदस्य | प्रातः 6:30 बजे से 8:00 बजे तक | प्रातः 8:00 बजे से |
| जिला परिषद सदस्य | प्रातः 10:00 बजे से 11:00 बजे तक | प्रातः 11:00 बजे से |
प्रशासन ने सभी राजनीतिक दलों और उनके अधिकृत काउंटिंग एजेंटों से अपील की है कि वे मतगणना प्रक्रिया में किसी भी प्रकार के व्यवधान से बचने के लिए निर्धारित समय, पार्किंग स्थल और प्रवेश मार्ग का कड़ाई से पालन करें।

