संघवी केसरी राउमावि में एनएसएस के तृतीय एक दिवसीय शिविर का समापन; स्वयंसेवकों ने श्रमदान कर दिया स्वच्छता का संदेश
तखतगढ़ (बरकत खान)। स्थानीय संघवी केसरी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के तत्वावधान में तृतीय एक दिवसीय शिविर का सफल समापन हुआ। शिविर का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य गजेंद्र सिंह तंवर एवं प्राध्यापक बृजेश सिंह यादव द्वारा मां सरस्वती की तस्वीर के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ किया गया।
उद्घाटन सत्र में प्रधानाचार्य गजेंद्र सिंह तंवर ने स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए विद्यार्थियों के जीवन में अनुशासन और निस्वार्थ सेवा भाव के महत्व पर प्रकाश डाला। शिविर के दौरान सभी स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक श्रमदान कर परिसर की साफ-सफाई की। मध्यावधि में अल्पाहार एवं विश्राम के पश्चात विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें स्वयंसेवकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
इस अवसर पर कार्यक्रम अधिकारी प्रदीप कुमार ढाका ने स्वयंसेवकों का मार्गदर्शन करते हुए उन्हें राष्ट्र निर्माण और देशसेवा में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। शिविर के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन में भगवत सिंह की भी सराहनीय भूमिका रही।

