भीलवाड़ा में गूंजा प्राकृतिक स्वास्थ्य का संदेश: ओजस लाइफ के फाउंडर अतुल शाह ने किया विशेष संवाद, स्वस्थ जीवनशैली पर साझा किए अनुभव
भीलवाड़ा / राजकुमार गोयल
आमजन में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने और प्राकृतिक स्वास्थ्य पद्धतियों की जानकारी देने के उद्देश्य से स्वास्थ्य जागरूकता अभियान भीलवाड़ा के तत्वावधान में कुमुद विहार स्थित वैदिक हॉल में विशेष स्वास्थ्य संवाद आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ओजस लाइफ के फाउंडर अतुल शाह मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए और उन्होंने स्वस्थ जीवनशैली व प्राकृतिक स्वास्थ्य के महत्व पर अपने अनुभव साझा किए।
‘तीन रसोइयों’ के माध्यम से दिया आहार का संदेश संवाद के दौरान अतुल शाह ने कहा कि आज की बदलती जीवनशैली में हर व्यक्ति को अपनी सेहत के प्रति सजग रहना और सही जानकारी लेना बेहद आवश्यक है। उन्होंने दैनिक जीवन में प्रचलित तीन तरह की रसोइयों का जिक्र करते हुए कहा कि सबसे उत्तम ईश्वर द्वारा बनाई गई प्राकृतिक रसोई का बिना पका हुआ भोजन है, जबकि दूसरी पूर्वजों द्वारा बनाई गई संतुलित व पके भोजन की रसोई है। वहीं पिज्जा-बर्गर जैसे फास्ट फूड को उन्होंने नुकसानदेह बताते हुए इससे परहेज करने और प्राकृतिक व संतुलित आहार को प्राथमिकता देने की बात कही।
सवाल-जवाब के जरिए दूर की जिज्ञासाएं कार्यक्रम में उपस्थित नागरिकों ने स्वास्थ्य से जुड़े विभिन्न विषयों पर सवाल पूछे, जिनका अतुल शाह ने संवादात्मक ढंग से जवाब दिया। स्वास्थ्य जागरूकता अभियान के निहाल चंद छाबड़ा ने बताया कि अतुल शाह व ओजस लाइफ के जरिए पिछले 11 वर्षों से देश-विदेश में लोगों को स्वास्थ्य संबंधी मार्गदर्शन व लाभ पहुंचाया जा रहा है।
आयोजकों व गणमान्य नागरिकों की रही मौजूदगी आयोजक तिलोक चंद छाबड़ा ने कहा कि ऐसे संवाद कार्यक्रमों से लोगों को सेहत के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने की प्रेरणा मिलती है। आयोजन में पर्यावरणविद् बाबूलाल जाजू, प्रसिद्ध कवि योगेंद्र शर्मा, समाजसेवी गोविंद सोडाणी, रविंद्र जाजू, श्याम चांडक और रामेश्वर काबरा सहित कई गणमान्य नागरिक व जागरूकजन उपस्थित रहे।

