बावड़ी : फसल खराबा मुआवजे के लिए DMIS पोर्टल शुरू, पटवारी को जल्द दें दस्तावेज; एक माह बाद बंद होगी साइट
बावड़ी (जोधपुर), मिश्रीलाल लखारा
बावड़ी उपखंड क्षेत्र में खरीफ संवत 2083 के दौरान हुए फसल खराबे से प्रभावित किसानों को सरकारी आदान-अनुदान (मुआवजा) दिलाने के लिए तहसील प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। पात्र किसानों का डेटा आपदा प्रबंधन सूचना प्रणाली (DMIS) पोर्टल पर अपलोड करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पोर्टल खुलते ही क्षेत्र के सभी हल्का पटवारियों ने युद्धस्तर पर किसानों का रिकॉर्ड दर्ज करने का काम शुरू कर दिया है।
तहसील प्रशासन ने क्षेत्र के समस्त प्रभावित किसानों से अपील की है कि वे बिना किसी देरी के अपने आधार कार्ड की प्रतिलिपि संबंधित हल्का पटवारी को उपलब्ध करवाएं, ताकि उनका नाम निर्धारित समय-सीमा के भीतर पोर्टल पर दर्ज किया जा सके।
बैंक खाते से आधार लिंक और जनाधार अपडेट होना जरूरी
प्रशासन ने किसानों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि मुआवजा राशि सीधे खाते में प्राप्त करने के लिए वे अपने जनाधार में दर्ज बैंक खाता संख्या की जांच कर उसे सही करवाएं। साथ ही, बैंक खाते को आधार कार्ड से लिंक करवाना भी अनिवार्य है। अधिकारियों के अनुसार, यदि जनाधार में खाता संख्या गलत पाई गई या बैंक खाता आधार से लिंक नहीं हुआ, तो किसान का डेटा DMIS पोर्टल पर अपलोड करने में तकनीकी बाधा आएगी। ऐसी स्थिति में पात्र होने के बावजूद किसान सरकारी सहायता से वंचित रह सकते हैं।
फार्मर आईडी भी जल्द बनवाने की अपील
मुआवजा वितरण प्रक्रिया को सुगम और पारदर्शी बनाने के लिए प्रशासन ने किसानों से अपनी 'फार्मर आईडी' (Farmer ID) भी जल्द बनवाने का आग्रह किया है। किसान नजदीकी ई-मित्र केंद्र या अपने हल्का पटवारी से संपर्क कर फार्मर आईडी बनवा सकते हैं। फार्मर आईडी तैयार रहने से भविष्य में भुगतान की प्रक्रिया बिना किसी रुकावट के पूरी हो सकेगी।
केवल एक माह तक खुला रहेगा पोर्टल, अंतिम तिथि का न करें इंतजार
तहसील प्रशासन ने चेतावनी भरे लहजे में स्पष्ट किया है कि DMIS पोर्टल केवल एक माह की अवधि के लिए ही खुला रहेगा। इसके बाद पोर्टल बंद हो जाएगा और कोई भी नया नाम नहीं जोड़ा जा सकेगा। ऐसे में किसानों को सलाह दी गई है कि वे अंतिम समय की भागदौड़ से बचते हुए तत्काल अपने आवश्यक दस्तावेज पटवारी के पास जमा करवाएं, ताकि समय पर सत्यापन होकर उन्हें फसल खराबे का उचित मुआवजा मिल सके।

