राजगढ़:शादी समारोह में गैस सिलेंडर की नली निकलने से मचा हड़कंप, दिल्ली पुलिस के जवान की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
राजगढ़, अलवर / अनिल कुमार गुप्ता। राजगढ़ थाना क्षेत्र के बैरेर गांव में बीती देर रात एक शादी समारोह के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब खाना बनाते समय अचानक गैस सिलेंडर की नली निकल गई और तेज गति से गैस का रिसाव होने लगा। गैस फैलते ही मौके पर मौजूद महिलाओं और खाना खा रहे मेहमानों में हड़कंप मच गया। गनीमत रही कि मौके पर मौजूद दिल्ली पुलिस के जवान यादराम मीना ने समय रहते अदम्य साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए स्थिति को संभाल लिया, जिससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया।
खाना बनाने के दौरान हुआ हादसा, सीसीटीवी में कैद हुई घटना जानकारी के अनुसार, बैरेर गांव निवासी राजेन्द्र मीना के घर 21 नवंबर को उनकी बहन की शादी है। इसी उपलक्ष्य में बीती देर रात घर में प्रीतिभोज (खाने) का कार्यक्रम चल रहा था और हलवाई भट्टी पर भोजन तैयार कर रहे थे। इसी दौरान अचानक गैस सिलेंडर की नली निकल गई और चारों ओर गैस फैलने लगी। इससे वहां मौजूद महिलाओं और ग्रामीणों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
गांव में हो रही जवान की तत्परता की सराहना अफरा-तफरी के बीच बैरेर निवासी दिल्ली पुलिस के जवान यादराम मीना ने बिना घबराए तत्काल आगे बढ़कर गैस रिसाव को नियंत्रित किया और स्थिति को सामान्य बनाया। यह पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। घटना के बाद से ही पूरे गांव में जवान यादराम मीना की तत्परता और सूझबूझ की जमकर सराहना हो रही है।

