देवउठनी एकादशी पर राजगढ़ के श्री जगन्नाथ मंदिर में धूमधाम से मनाया गया बाबा श्याम का जन्मोत्सव
राजगढ़, अलवर / अनिल कुमार गुप्ता। देवउठनी एकादशी के पावन पर्व पर कस्बे के चौपड़ बाजार स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर में शुक्रवार को बाबा खाटू श्याम का जन्मोत्सव एवं पाटोत्सव बड़े ही धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर पूरे मंदिर परिसर को आकर्षक फूलों और जगमग रोशनी से भव्य रूप से सजाया गया, जिससे मंदिर की छटा देखते ही बन रही थी।
मावे के कलाकंद केक का लगाया भोग, हुई भव्य आतिशबाजी उत्सव के दौरान बाबा श्याम और श्री जगन्नाथ जी महाराज की विशेष महाआरती की गई। आरती के पश्चात बाबा को मावे, मिश्री और कलाकंद से बने विशेष केक का भोग अर्पित किया गया। इस दौरान मंदिर परिसर के बाहर भव्य आतिशबाजी भी की गई और श्रद्धालुओं ने बाबा के जयकारों से समूचे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
दर्शन के लिए उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब बाबा श्याम और श्री जगन्नाथ जी महाराज के दिव्य दर्शनों के लिए मंदिर में हजारों की संख्या में महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। मंदिर के महंत पूर्ण दास एवं पंडित मदन मोहन शास्त्री (एडवोकेट) ने बताया कि संध्या काल में भी बाबा श्याम के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में विशेष शृंगार के साथ मिश्री, रबड़ी और कलाकंद के केक का भोग लगाकर प्रसादी वितरित की गई।

