सदगुरु कबीर आश्रम सोयला में तीन दिवसीय पाटोत्सव का आगाज, संतों ने दिया सत्संग व सदाचार का संदेश
बावड़ी, जोधपुर (मिश्रीलाल लखारा)। उपखंड क्षेत्र के सोयला कस्बे स्थित सदगुरु कबीर आश्रम में सदगुरु भोलाराम महाराज मंदिर एवं मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा के तृतीय वर्ष पाटोत्सव के उपलक्ष्य में तीन दिवसीय भव्य धार्मिक महोत्सव का शुभारंभ बड़े ही उत्साह और श्रद्धा के साथ हुआ। स्वामी माधवदास महाराज के पावन सानिध्य में आयोजित इस महोत्सव के तहत संगीतमय सत्संग, भजन-कीर्तन, प्रवचन और विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों की धूम मची हुई है।
गुरुवार को उमड़ा संतों और श्रद्धालुओं का सैलाब आयोजन के तहत गुरुवार को आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के श्रद्धालुओं के साथ विभिन्न आश्रमों से पधारे संत-महंतों ने शिरकत की। आश्रम के संत भिवदास महाराज ने जानकारी देते हुए बताया कि तीन दिवसीय पाटोत्सव के दौरान विभिन्न संत अपने मुखारविंद से श्रद्धालुओं को धर्म और आध्यात्म का मार्ग दिखाएंगे।
मनुष्य को छिपाने योग्य कर्मों से बचना चाहिए: स्वामी माधवदास महाराज सत्संग कार्यक्रम में उपस्थित विशाल जनसमूह को संबोधित करते हुए स्वामी माधवदास महाराज ने जीवन में सदाचार का महत्व बताया। उन्होंने कहा कि मनुष्य को ऐसे किसी भी कर्म से सदैव बचना चाहिए, जिन्हें दूसरों से छिपाने की आवश्यकता पड़े, क्योंकि सच्चाई और पारदर्शिता ही धर्म का मूल आधार है।
भजनों की सरिता में झूमे श्रद्धालु, देशभर से पहुंचेंगे भक्त सत्संग समारोह में बस्ती धाम देवल के महंत श्रीराम महाराज, संत झीपरदास महाराज, बाल संत गोपाल महाराज एवं साध्वियों ने सुमधुर भजनों और आध्यात्मिक प्रवचनों की प्रस्तुति दी, जिससे पूरा माहौल भक्तिमय हो गया और श्रद्धालु भाव-विभोर होकर झूम उठे। कार्यक्रम में स्थानीय महिलाओं व ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। आश्रम के संत व ग्रामीण व्यवस्थाओं को सुचारू बनाने में जुटे हुए हैं। आयोजकों के अनुसार, इस भव्य पाटोत्सव में शामिल होने के लिए गुजरात, चेन्नई, पंजाब सहित देश के विभिन्न राज्यों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु सोयला पहुंचेंगे।

