ब्रह्मज्ञानी स्वामी लीलाशाह जी महाराज: विभाजन के बाद समाज को संबल देने वाले संत, आदिपुर में वर्षी महोत्सव की धूम
खैरथल / हीरालाल भूरानी
सिंध के महान और पूज्य संतों में शुमार ब्रह्मज्ञानी स्वामी लीलाशाह जी महाराज का जीवन त्याग, तपस्या और निस्वार्थ समाज सेवा की अनूठी मिसाल रहा है। संत कंवर राम जी के समकालीन रहे स्वामी जी को सिंधी समाज में श्रद्धा से ‘साईं लीलाशाह’ कहा जाता है। 19, 20 और 21 नवंबर को उनके वर्षी महोत्सव के अवसर पर उनके आध्यात्मिक और सामाजिक योगदान का विशेष स्मरण किया जा रहा है।
बाल्यकाल से ही ईश्वर भक्ति की ओर झुकाव स्वामी लीलाशाह जी का जन्म मार्च 1880 में हैदराबाद (सिंध) के मेहराब चांदनी, टांडा बागा गांव में हुआ था। पिता टोपनदास टोटाराम और माता हेमीबाई ने उनका नाम लीलाराम रखा। महज 10 वर्ष की आयु में माता-पिता का साया सिर से उठ जाने के बाद भतीजे लखुमल ने उनका पालन-पोषण किया। परिवार की इच्छा व्यापार की थी, लेकिन लीलाराम जी का मन बचपन से ही प्रभु भक्ति में रमा रहा। उन्होंने विवाह से इंकार कर बाल ब्रह्मचारी रहने का संकल्प लिया।
हिमालय की तपस्या और ‘लीलाशाह’ नाम सत्य की खोज में निकले लीलाराम जी सिंध के प्रसिद्ध वेदांत आचार्य संत श्री केशवराम जी (टांडा मोहम्मद खान) के शिष्य बने। उनकी आध्यात्मिक गहराई को देखते हुए गुरु ने उन्हें ‘लीलाशाह’ नाम प्रदान किया। इसके बाद उन्होंने हरिद्वार, ऋषिकेश, काशी, कश्मीर, तिब्बत और हिमालय की गुफाओं में कठोर तपस्या व ध्यान साधना कर योग की सिद्धियां अर्जित कीं।
विभाजन के बाद समाज को दिया संबल और दिशा स्वामी जी ने स्वयं की साधना के साथ-साथ समाज उत्थान को जीवन का उद्देश्य बनाया:
-
पत्रिका व ग्रंथ: सिंध में ‘तत्व ज्ञान’ नामक धार्मिक मासिक पत्रिका शुरू की और वेदांत पर प्रसिद्ध ग्रंथ ‘आत्मदर्शन’ की रचना की।
-
विस्थापितों का पुनर्वास: 1947 के विभाजन के बाद जब सिंधी समाज बेघर हुआ, तब स्वामी जी ने अहमदाबाद, अलवर, जयपुर, जोधपुर, आगरा, मुंबई, बड़ौदा और गांधीनगर पहुंचकर लोगों को हिम्मत दी और बसाने में मदद की।
-
संस्थाओं का निर्माण: स्कूल, धर्मशाला, गौशाला, अस्पताल, वृद्धाश्रम, लाइब्रेरी और सत्संग हॉल बनवाए तथा सिंधी भाषा के संरक्षण का प्रचार किया।
-
सामाजिक सुधार व चिकित्सा: दहेज प्रथा के विरुद्ध आवाज उठाई, अपने खर्च पर सैकड़ों गरीब कन्याओं के सामूहिक विवाह कराए और आयुर्वेद व प्राकृतिक चिकित्सा से असाध्य रोगों का उपचार किया।
सादगी की पराकाष्ठा और महासमाधि अपनी पूरी पूंजी केवल एक धार्मिक पुस्तक और टाट के बिस्तर को मानने वाले स्वामी जी स्वयं को गुरु नहीं, बल्कि ‘लोगों का सेवक’ कहते थे। दिन में केवल एक बार भोजन करने वाले स्वामी जी 93 वर्ष की आयु में भी असाधारण रूप से स्वस्थ रहे। उन्होंने 4 नवंबर 1973 को पालनपुर में देह त्याग दी। उनकी समाधि आदिपुर (कच्छ, गुजरात) में स्थित है, जहां प्रतिवर्ष निर्वाण दिवस पर तीन दिवसीय विशाल मेले में देश-विदेश से श्रद्धालु पहुंचते हैं।

