राजगढ़:एकादशी पर सैनी समाज का सामूहिक विवाह सम्मेलन आयोजित, 32 जोड़े बने हमसफर
राजगढ़, अलवर / कोशलेन्द्र दत्तात्रेय। देवउठनी एकादशी के पावन पर्व पर कस्बे के बांदीकुई सड़क मार्ग स्थित गंगाबाग में सैनी समाज के तत्वावधान में भव्य सामूहिक विवाह सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस पुनीत समारोह में समाज के 32 जोड़े वैदिक मंत्रोच्चार के साथ परिणय सूत्र में बंधे।
मुख्य बाजार में निकली भव्य निकासी, व्यापारियों ने की पुष्प वर्षा सैनी समाज के प्रवक्ता विष्णु सैनी ने जानकारी देते हुए बताया कि विवाह समारोह से पूर्व कस्बे के मुख्य बाजार से बैंड-बाजों की मधुर धुन के साथ दूल्हों की भव्य सामूहिक निकासी निकाली गई। बाजार में जगह-जगह व्यापारियों एवं कस्बेवासियों ने निकासी पर पुष्प वर्षा कर बारातियों का आत्मीय स्वागत किया।
उपहार भेंट कर दी गई भावभीनी विदाई गंगाबाग में आयोजित मुख्य समारोह में विद्वान पंडितों द्वारा सभी 32 जोड़ों का विधि-विधान से पाणिग्रहण संस्कार संपन्न कराया गया। इसके पश्चात सामूहिक भोज (प्रसादी) का आयोजन हुआ। कार्यक्रम के अंत में समिति व समाज की ओर से प्रत्येक नवविवाहित जोड़े को आवश्यक घरेलू सामान एवं उपहार भेंट कर भावभीनी विदाई दी गई। इस अवसर पर सैनी समाज के गणमान्य नागरिकों सहित अन्य समाजों के भी सैकड़ों लोग मौजूद रहे।

