सोशल मीडिया पर पुराने सिक्के और 'श्री सांवरिया सेठ उपहार योजना' के नाम पर ठगी करने वाला बड़ा गिरोह बेनकाब, 12 गिरफ्तार

Oct 12, 2026 - 21:12
 0
सोशल मीडिया पर पुराने सिक्के और 'श्री सांवरिया सेठ उपहार योजना' के नाम पर ठगी करने वाला बड़ा गिरोह बेनकाब, 12 गिरफ्तार

खैरथल (हीरालाल भूरानी)।

खैरथल-तिजारा जिला पुलिस ने सोशल मीडिया के माध्यम से पुराने सिक्के-नोट खरीदने का झांसा देने और फर्जी लकी ड्रॉ के जरिए लोगों को ठगने वाले एक बड़े साइबर ठग गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने जिला विशेष टीम (DST) और साइबर सेल के सहयोग से ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए 4 अलग-अलग मामलों में 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि 3 बाल अपचारियों को भी निरुद्ध किया गया है। आरोपियों के पास से 15 एंड्रॉइड मोबाइल फोन और 20 सिम कार्ड बरामद हुए हैं।

​ऐसे देते थे ठगी को अंजाम

पुलिस जांच में सामने आया है कि यह शातिर गिरोह फेसबुक, इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप पर 'Old Coin Company' और 'REAL COIN COMPANY' के नाम से फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल और लुभावने विज्ञापन चलाता था। लोगों को पुराने सिक्के और दुर्लभ नोटों के बदले लाखों रुपये मिलने का लालच दिया जाता था। इसके बाद रजिस्ट्रेशन फीस और टैक्स के नाम पर क्यूआर कोड भेजकर पैसे ऐंठे जाते थे।

​यही नहीं, लोगों को बड़े-बड़े प्रलोभन देने के लिए 'श्री सांवरिया सेठ उपहार योजना' के नाम से फर्जी लकी ड्रॉ और उपहारों का झांसा दिया जाता था। विश्वास जीतने के लिए ठग पीड़ितों को फर्जी चेक और पे-ऑर्डर तक भेजते थे। पुलिस से बचने के लिए गिरोह के सदस्य अक्सर सुनसान जंगलों और इलाकों में बैठकर ऑनलाइन ठगी का काला कारोबार चलाते थे।

​पश्चिम बंगाल से लेकर हिमाचल प्रदेश तक जुड़े हैं तार

गृह मंत्रालय के समन्वय पोर्टल (JMS) पर जब जब्त मोबाइल के आईएमईआई (IMEI) नंबर और बैंक खातों की खंगाली की गई, तो इस गिरोह के तार देश के कई राज्यों से जुड़े मिले। पश्चिम बंगाल के हावड़ा ग्रामीण में दर्ज साइबर ठगी की शिकायतों के अलावा हरियाणा, महाराष्ट्र और हिमाचल प्रदेश में दर्ज मामलों से भी इस गिरोह का कनेक्शन सामने आया है।

​कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 5 हजार रुपये के इनामी बदमाश इरसाद पुत्र समसू (निवासी मिर्जापुर, थाना किशनगढ़बास) को भी धर दबोचा, जो खैरथल थाने के एक मामले में लंबे समय से वांछित चल रहा था।

​पुलिस की आमजन से अपील

जिला पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर पुराने सिक्के-नोट बेचने, लकी ड्रॉ, उपहार योजनाओं या किसी धार्मिक नाम से आने वाले लुभावने संदेशों के झांसे में बिल्कुल न आएं। अपने बैंक खाते, एटीएम या क्यूआर कोड किसी अनजान व्यक्ति को किराए या कमीशन पर न दें। किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर अपनी शिकायत दर्ज कराएं। पुलिस फिलहाल गिरोह के अन्य गुर्गों की तलाश में जुटी हुई है।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी [email protected] या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................