मिलावटी पनीर पर बड़ी कार्रवाई: खैरथल में लक्ष्मण डेयरी पर खाद्य विभाग का छापा, लिए गए नमूने
खैरथल ( हीरालाल भूरानी)। शहर में मिलावटी और दूषित पनीर बेचे जाने की लगातार मिल रही शिकायतों पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। विभाग की टीम ने 40 फीटा रोड स्थित 'लक्ष्मण दूध डेयरी' पर औचक छापामार कार्रवाई करते हुए पनीर के नमूने (सैंपल) लिए हैं। इस कार्रवाई के बाद से शहर के खाद्य कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
शिकायतों के आधार पर की गई कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा अधिकारी हेमंत यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि विभाग को लगातार सूचना मिल रही थी कि उक्त डेयरी पर मिलावटी पनीर बेचा जा रहा है। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए विभागीय टीम ने मौके पर पहुंचकर लक्ष्मण डेयरी से पनीर के सैंपल कलेक्ट किए। इन नमूनों को जांच के लिए राजकीय प्रयोगशाला में भेज दिया गया है। विभाग के मुताबिक, आगामी 10 दिनों के भीतर जांच रिपोर्ट आने की उम्मीद है, जिसके आधार पर नियमानुसार आगामी विधिक कार्रवाई की जाएगी।
सेहत से खिलवाड़ और जवाबदेही पर उठे सवाल
खाद्य पदार्थों में मिलावट का यह मामला सीधे तौर पर आम नागरिकों के स्वास्थ्य से जुड़ा हुआ है। स्थानीय लोगों और प्रबुद्धजनों का कहना है कि केवल औपचारिकता के लिए सैंपल लेना ही काफी नहीं है, बल्कि यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि समय पर जांच रिपोर्ट आए और मिलावट की पुष्टि होने पर दोषियों के खिलाफ मिसाली और सख्त कार्रवाई हो।
अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि क्या 10 दिनों में आने वाली रिपोर्ट दूध और पनीर की शुद्धता की सच्चाई सामने ला पाएगी और विभाग इस मामले में कितनी पारदर्शिता और सख्ती दिखाता है। फिलहाल, क्षेत्र में यह कार्रवाई चर्चा का विषय बनी हुई है।

