राजगढ़ में जमीन को लेकर खूनी संघर्ष: 29 एअर भूमि के विवाद में चले लाठी-डंडे, दो गंभीर रूप से घायल
राजगढ़ (अलवर) अनिल कुमार गुप्ता
राजगढ़ थाना क्षेत्र के ईशवना गांव में जमीन के विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष का मामला सामने आया है। देखते ही देखते दोनों ओर से चले लाठी-डंडों से इलाके में सनसनी फैल गई। इस पूरी हिंसक घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
बिना बताए रजिस्ट्री कराने से उपजा विवाद पीड़ित नरेंद्र कुमार ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि उनकी 29 एअर की एक कृषि भूमि साझे की है। उनके पिता तीन भाई हैं, जिनमें से दो की मृत्यु हो चुकी है। पीड़ित का आरोप है कि उनके एक ताऊ जी ने उन्हें बिना बताए और बिना सहमति के जमीन की रजिस्ट्री दूसरे पक्ष को कर दी, जबकि उनका आपस में कोई पुराना विवाद नहीं था। विवाद तब शुरू हुआ जब पीड़ितों को उनके ही खेत बोने से रोक दिया गया।
रैणी जाने के बाद पीछे से हुआ हमला नरेंद्र कुमार ने बताया कि जब वे इस फर्जी रजिस्ट्री के संबंध में कार्रवाई के लिए रैणी तहसील गए हुए थे, तभी पीछे से दूसरे पक्ष के लोगों ने उनके पिता छोटेलाल शर्मा और भाई मुकेश शर्मा पर हमला बोल दिया। आरोपियों ने लाठी-डंडों से दोनों के साथ जमकर मारपीट की, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
अलवर रैफर, मामला दर्ज घटना के तुरंत बाद घायल पिता-पुत्र को राजगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (चिकित्सालय) पहुँचाया गया। जहाँ डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए अलवर जिला अस्पताल रैफर कर दिया है। पीड़ित पक्ष ने इस संबंध में आरोपियों के खिलाफ नामजद शिकायत देकर राजगढ़ थाने में मामला दर्ज करवा दिया है। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामले की जांच और कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

