टहला में चुनावी सरगर्मियां तेज: भाजपा-कांग्रेस और निर्दलीय प्रत्याशियों ने ठोकी ताल, कल होगा पंचायत चुनाव के दूसरे चरण का मतदान
टहला/राजगढ़ (रितीक शर्मा)
पंचायत चुनाव के दूसरे चरण के नजदीक आते ही राजगढ़ उपखंड के टहला क्षेत्र में चुनावी सरगर्मियां अपने चरम पर पहुँच गई हैं। गांवों से लेकर ढाणियों तक चौपालों पर चुनावी चर्चाओं का दौर जारी है। जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए कल होने वाले मतदान को लेकर मतदाताओं में भी उत्साह और असमंजस दोनों का मिला-जुला माहौल देखने को मिल रहा है।
त्रिकोणीय मुकाबले और दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर इस बार चुनावी मैदान में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), कांग्रेस के साथ-साथ कई दमदार निर्दलीय प्रत्याशियों ने भी ताल ठोक दी है, जिससे मुकाबला बेहद दिलचस्प और कड़ा हो गया है। सभी दलों और उम्मीदवारों ने अपने पक्ष में समर्थन जुटाने के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगा दिया है।
पार्टी का प्रभाव या प्रत्याशी की व्यक्तिगत छवि? क्षेत्र में सबसे बड़ा सवाल यही तैर रहा है कि क्या मतदाता राजनीतिक दलों के नाम और उनकी विचारधारा को प्राथमिकता देंगे या फिर प्रत्याशियों की व्यक्तिगत छवि, उनका जनसंपर्क और स्थानीय मुद्दे चुनाव की दिशा तय करेंगे। विकास के कार्य, जनसमस्याओं के समाधान और जनप्रतिनिधि की सक्रियता जैसे जमीनी मुद्दे इस चुनाव के केंद्र में हैं। हालांकि, जनता का वास्तविक रुझान मतदान के बाद ही सामने आ पाएगा।
मतपेटियों में बंद होगी किस्मत, 20 नवंबर को आएंगे परिणाम कल होने वाले मतदान के साथ ही तमाम प्रत्याशियों की राजनीतिक किस्मत मतपेटियों (ईवीएम) में कैद हो जाएगी। अब सभी की निगाहें मतदान के बाद आने वाले परिणामों पर टिकी हैं। चुनावी नतीजों का ऐलान 20 नवंबर को किया जाएगा, जिसके बाद ही साफ हो पाएगा कि टहला क्षेत्र की जनता ने किसके सिर पर जीत का ताज सजाया है और किसे प्रतिनिधित्व का अवसर मिला है। फिलहाल लोकतंत्र के इस महापर्व में अंतिम फैसला जनता की अदालत में है।

